78वां स्वतंत्रता दिवस पर बोले PM मोदी- देश में हो एक सेकुलर सिविल कोड

आज देश 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11वीं बार लाल किले से तिरंगा फहराएंगे। इसके बाद लाल किले की प्राचीर से देश को भी संबोधित करेंगे।
आज देश मना रहा 78वां स्वतंत्रता दिवस

Independence Day Celebration: देश आज 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इसके साथ ही पूरे देश में उत्साह का माहौल है। इस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण अवसर पर हर इमारत आजादी के रंग में रंग चुकी है, लेकिन सबकी निगाहें  प्रधानमंत्री मोदी पर टिकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11वीं बार लाल किले से तिरंगा फहराएंगे। इसके बाद लाल किले की प्राचीर से देश को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान PM मोदी विकसित भारत के विषय पर बात कर सकते हैं।

78वें स्वतंत्रता दिवस की थीम विकसित भारत है। इसके तहत स्वतंत्रता के 100वें साल 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आज यानी 15 अगस्त को लाल किले के लिए 7 लेयर सुरक्षा व्यवस्था है, जिसमें स्नाइपर्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्निक से लैस फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम कैमरे हैं, जो किसी भी संदिग्ध की मूवमेंट को कुछ ही सेकंड में ही पकड़ सकते हैं। ये कैमरे लाल किले के आसपास की सड़कों से लेकर लाल किले की प्राचीर तक आज लगाए गए हैं।

कुछ लोग प्रगति से नाखुश

PM मोदी ने कहा, "हम संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं लेकिन कुछ लोग होते हैं जो प्रगति देख नहीं सकते जो भारत का भला सोच नहीं सकते हैं। जब तक खुदका भला न हो तब तक उन्हें किसी का भला अच्छा नहीं लगता। देश को ऐसे लोगों से बचना होगा... ईमानदारी के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ मेरी लड़ाई तीव्र गति से जारी रहेगी।"

वन नेशन वन इलेक्शन

देश में बार-बार हो रहे चुनाव प्रगति को रोक रहे हैं। आज हर योजना चुनाव के रंग से रंग दिया गया। सभी दलों ने अपने विचार रखें हैं। एक कमेटी ने रिपोर्ट बनाई। वन नेशन वन इलेक्शन सामने आया है। इस सपने को साकार करने के लिए मैं आज सभी राजनीतिक दलों से साथ आने को कहता हूं।

देश में हो सेक्युलर सिविल कोड

PM मोदी ने कहा कि, हमारे देश में सुप्रीम कोर्ट ने हमेशा यूनिफॉर्म सिविल कोड पर बात की है। मौजूदा सिविल कोड एक तरह से कम्यूनल सिविल कोड है। हमारे संविधान की भावना कहती है कि इस विषय पर देश में एक गंभीर चर्चा हो। जो कानून धर्म के आधार पर देश को बांटते हैं। ऐसे कानून आधुनिक समाज नहीं बनाते। देश में सेक्युलर सिविल कोड होना चाहिए तब जाकर धर्म के आधार पर भेदभाव से सभी को मुक्ति मिलेगी।

बांग्लादेश में हालात जल्द हों सामान्य

PM मोदी ने आज लाल किले से कहा, कि अब तक बांग्लादेश में जो कुछ भी हुआ, पड़ोसी देश के नाते इसकी चिंता होना स्वाभाविक है। मैं आशा करता हूं वहां हालात जल्द ही सामान्य होंगे। वहां के हिंदुओं-अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। भारत हमेशा चाहता है पड़ोसी देश शांति के मार्ग पर चलें। यह हमारे संस्कार हैं, आने वाले दिनों में बांग्लादेश के विकास यात्रा में हमारा शुभ चिंतन रहेगा।

2036 का ओलिंपिक भारत में ही हो

PM मोदी ने आज कहा कि, हमारे साथ तिरंगे के नीचे वो नौजवान बैठे हैं, जिन्होंने ओलिंपिक की दुनिया में एक नया परचम लहराया है। हम देशवसियों की तरफ से उन्हें खुब बधाई देता हूं। जी 20 का आयोजन कर हमने दिखाया कि भारत बड़े से बड़े आयोजन बी कर सकता है। भारत चाहता है कि 2036 का ओलिंपिक भारत में हो, इसके लिए हम अभी से तैयारी कर रहे हैं।

दानवी कृत्य करने वाले हों दंडित

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इशारों ही इशारों में कोलकाता में हुए लेडी डॉक्टर रेप-मर्डर कांड मामले में सख्त एक्शन लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि, "महिलाओं के खिलाफ राक्षसी कृत्य करने वालों को जल्द से जल्द दंडित किया जाना चाहिए। " हालांकि उन्होंने अपने भाषण में अब तक कहीं भी इस घटना का कोई जिक्र नहीं किया है।

डिफेंस में आज हम आत्मनिर्भर

PM मोदी ने कहा पहले डिफेंस सेक्टर में हमारी आदत हो गई थी कि बजट का पैसा आखिर कहां जाता है, विदेश से इंपोर्ट करते थे। आज इसमें आत्मनिर्भर बने हैं।आज हम डिफेंस मैनयूफैक्चरिंग का हब बने हैं। दुनिया को हम हथियार एक्सपोर्ट कर रहे हैं।

बैंकिंग सेक्टर में किए अनेक रिफॉर्म

प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से कहा, बैंकिंग क्षेत्र में खुब रिफॉर्म हुआ है। हमने बैंकिंग सेक्टर में अनेक रिफॉर्म किए। आज विश्व के सबसे मजबूत बैंकों में हमारे बैंकों ने अपना स्थान बनाया। जब बैंकिंग मजबूत होती है तो देश की अर्थव्यवस्था की ताकत भी बढ़ती है।

महिलाएं तेजी से बढ़ रही

PM मोदी ने कहा कि किसानों का जीवन आसान बने, गांव में टॉप क्लास इंटरनेट कनेक्टिविटी भी मिले, बच्चों को अच्छे स्मार्ट स्कूल मिले। उनके नौजवानों को स्किल मिले। उन्हे नए आय के साधन मिले। उसके लिए हम जी तोड़ प्रयास कर रहे हैं। इनोवेशन, इंपॉलयमेंट में महिलाएं तेजी से बढ़ रही हैं। हमारी एयरफोर्स, आर्मी, नेवी, स्पेस सेक्टर में आज महिलाओं का दमखम दिख रहा है।

बढ़ाएंगे मेडिकल की 75 हजार सीटें

PM मोदी ने कहा कि, आज रिसर्च को लेकर निरंतर बल मिले, रिसर्च फाउंडेशन यह काम कर रहा है। अब हमने बजट में 1 लाख करोड़ रिसर्च के लिए दिया है। हमारे देश में मेडिकल एजुकेशन के लिए बच्चे आज विदेश पढ़ने जा रहे हैं। वे ऐसे-ऐसे देशों में जा रहे हैं, जिसके बारे में सोचकर आश्चर्य होता है। हमने 10 साल में मेडिकल सीटों को करीब 1 लाख कर दिया है। अगले पांच साल में मेडिकल लाइन में 75000 नई सीटें बनाई जाने वाली है।

विकसित भारत का सपना

PM मोदी ने कहा कि, 60 साल बाद लगातार तीसरी बार आपने हमें देशसेवा का मौका दिया है। 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद में मेरे लिए एक ही संदेश है। जन-जन की सेवा, हर परिवार की सेवा, हम इस शक्ति को साथ लेकर विकसित भारत के सपने को लेकर चलना है। मैं सभी का सिर झुकाकर आभार व्यक्त करता हूं।

भारत सही दिशा में, गति तेज

PM मोदी ने कहा कि आज हम हर सेक्टर में नए अवसर पैदा करें, सपोर्टिव इंफ्रास्टक्चर पर काम करें, जरूरतों के हिसाब से भी काम करें तो बदलाव सामने आएंगे। आज देश में प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हुई, भारत का एक्सपोर्ट बढ़ रहा है, विदेशी मुद्रा भंडार दोगुना हुआ है। भारत की दिशा सही है, गति भी तेज है। हमारे सपनों में सामर्थ्य है।

1500 से ज्यादा कानूनों को खत्म किया

PM मोदी बोले, आज हमने 1500 से ज्यादा कानूनों को खत्म कर दिया। छोटी गलती के चलते जेल जाने वाले कानूनों को भी खत्म कर दिया। हमने सदियों से जो पुराने क्रिमिनल लॉ थे, उन्हें खत्म किया है। हमने दंड नहीं न्याय पर अपना फोकस रखा।

हमने किया समग्र विकास

PM मोदी ने कहा कि,  बीते दशक में रेल, रोड, गवर्नमेंट कनेक्टिविटी, गांव में स्कूल, अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, आयुष्मान, ऑप्टिकल फाइबर, नहरों का जल, पक्के घर बनना, हमारा पूर्वी भारत इंफ्रास्टक्चर के लिए जाना जाने लगा है। इसका सबसे ज्यादा लाभ उन्हें मिला, जिन्हें कभी कोई नहीं देखता था। दूर सूदुर पहाड़ों, आदिवासियों की जरूरत को आज हमने पूरा किया है। हमने देश का समग्र विकास किया है।

युवाओं का देश के सिस्टम पर बढ़ा भरोसा

PM मोदी ने कहा कि, आज देश में नई व्यवस्थाएं बन रही हैं। देश को आगे ले जाने के लिए नई-नई पॉलिसी बनाई जा रही है। इससे देश के सिस्टम पर भी भरोसा बढ़ता है। आज का नौजवान ये बदलाव देख रहा है। उसके सपनों को धार मिली है। दुनियाभर में आज भारत की साख बढ़ी है। आज युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बने हैं, जो आजादी के इतने सालों बाद नहीं आए थे आज उनके दरवाजों पर वह सब दस्तक दे रहे हैं।

आया देश का गोल्डन एरा

PM मोदी ने लाल किले से कहा, "मेरे देश का नौजवान इंक्रीमेंटल प्रगति में अब विश्वास नहीं रखता। वह तो छलांग मार रहा है। ये गोल्डन एरा है, इसे हमें जाने नहीं देना चाहिए। इसे पकड़कर चल पड़ेंगे तो विकसित भारत का लक्ष्य पूरा कर लेंगे।"

गर्वनेंस में बदलाव

PM मोदी बोले- हमारे देश में आजादी तो मिली, लेकिन लोगों को एक तरह से माई-बाप के कल्चर से गुजरना पड़ा। आज हमने गर्वनेंस के इस मॉडल को ही बदल डाला है, आज सरकार खुद लाभार्थी के घर गैस का चूल्हा, पानी बिजली जाकर पहुंचाती है।

हमारे पास 40 करोड़ लोगों का खून

आज लाल किले पर PM मोदी ने कहा, "हमें गर्व है कि हमारे पास उन 40 करोड़ लोगों का खून है, जिन्होंने भारत से औपनिवेशिक शासन को उखाड़ फेंका…आज, हम 140 करोड़ लोग हैं, अगर हम संकल्प करें और एक दिशा में एक साथ आगे बढ़ें, तभी हम रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं को पार करके 2047 तक ‘विकसित भारत’ भी बन सकते हैं। "

सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक

PM मोदी ने कहा कि जी 20 देशों ने जितना किया है उससे ज्यादा भारत ने किया है। हम कोरोना को कैसे भूल सकते हैं। हमने दुनिया के करोड़ों लोगों को वैक्सीन दी है। एक समय था जब आतंकवादी हमें मार के चले जाते थे। अब देश की सेना सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक दोनों ही करती है तो देशवसियों का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।

प्राकृतिक आपदा के कारण बढ़ीं चिंताएं

PM मोदी ने लाल किले से कहा, "इस वर्ष और पिछले कई वर्षों से प्राकृतिक आपदा के कारण हमारी चिंता बढ़ती चली जा रही है। प्राकृतिक आपदा में अनेक लोगों ने अपने परिवार जन खोए हैं, संपत्ति खोई है। मैं आज उन सब के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि ये देश इस संकट की घड़ी में आज उनके साथ खड़ा है।"

3 करोड़ परिवारों को नल से जल

PM मोदी ने कहा कि, "आज हमारे घर में जब 3 करोड़ परिवारों को नल से जल पहुंच रहा है, तो विश्वास बढ़ता है। कौन वंचित थे, इससे दलित, शोषित और गरीब भाई-बहन इन चीजों के अभाव में जी रहे थे। हमने अनेक ऐसे प्रयास किए हैं, ताकि निचले तबके को सुविधा मिले।"

घोषणाओं पर काम

PM मोदी ने कहा कि, जब लालकिले से कहा जाता है हिंदुस्तान के 18 हजार गांवों में समय से बिजली पहुंचाएंगे और काम समय से होता है। तो ये भरोसा और भी बढ़ जाता है। जब स्वच्छ भारत की बात की जाए तो सभी लोगों के अंदर स्वच्छता का वातावरण बन जाए तो मैं समझता हूं ये भारत के अंदर की नई चेतना का ही यहप्रतिबिंब है।

विकसित भारत के लिए करोड़ों नागरिकों के सुझाव

PM मोदी ने कहा कि विकसित भारत 2047 यह सिर्फ भाषण के शब्द नहीं है, इसके पीछे कठोर परिश्रम चल रहा है। कई लोगों के सुझाव लिए जा रहे हैं। मुझे खुशी है कि करोड़ों नागरिकों ने इस पर अनगिनत सुझाव दिए हैं। हर देशवासी का सपना संकल्प उसमें दिख रहा है।

PM मोदी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया याद

आज 78वां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद देश को संबोधित करते हुए उन्होने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया।

आज PM मोदी ने कहा, " आज हम उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों को दिल से याद करते हैं, जिन्होंने हमें एक स्वतंत्र देश दिया, हम आज उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के कारण भी हम चिंतित हैं, कई लोगों ने अपने प्रियजनों, अपनी संपत्ति को खो दिया है, हम आज उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं। '

11वीं बार लालकिले पर PM मोदी ने फहराया तिरंगा, कर रहे देश को संबोधित

PM मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है। PM मोदी ने 'X' पर लिखा, सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। जय हिंद

राजघाट में PM मोदी

PM मोदी राजघाट पहुंचे। वह यहां पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी है। PM मोदी इसके बाद लाल किला पहुंचेंगे। वह लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे।

संबंधित खबरें

No stories found.
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com