Kal Ka Mausam: यूपी-उत्तराखंड में आफत की बारिश! IMD ने जारी किया रेड से ऑरेंज अलर्ट

IMD Weather Forecast: IMD ने 10 जुलाई के लिए उत्तराखंड में रेड अलर्ट और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा जताया गया।
Heavy Rain Alert
सांकेतिक तस्वीर (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Weather Update 10 July: दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे देश में सक्रिय हो चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में भी मानसून पहुंच गया है। इसी के साथ मौसम विभाग ने 10 जुलाई के लिए 13 राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा खतरा उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बताया गया है, जहां रेड अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में रेड अलर्ट

IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की चेतावनी जारी की गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश

मौसम विभाग ने 10 जुलाई को हरियाणा और चंडीगढ़ में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है।

पूर्वोत्तर भारत में भी बरसेंगे बादल

मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली और एनसीआर में 10 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह या दोपहर से पहले हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन में 18 किमी प्रति घंटे और रात में 25 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मध्य और दक्षिण भारत में बारिश होगी कम

IMD के मुताबिक, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में आज से बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी। वहीं दक्षिण भारत में 10 जुलाई से वर्षा का असर धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। हालांकि तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और मेघालय में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं पश्चिम बंगाल के पर्वतीय क्षेत्रों, तमिलनाडु, कोंकण, केरल और त्रिपुरा में भी जोरदार बारिश हुई। केरल, मराठवाड़ा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी-तूफान भी दर्ज किए गए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com