ICG हेलीकॉप्टर दुर्घटना: पायलट दल के दो सदस्यों के शव मिले, तीसरे की तलाश जारी

अरब सागर में ICG के एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद लापता हुए चालक दल के तीन सदस्यों में से इसके पायलट और एक गोताखोर के शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि तीसरे की तलाश अब भी जारी है। यह घटना सोमवार रात को हुई जब उसने टैंकर पर सवार चालक दल के एक घायल सदस्य को बचाने के लिए रात करीब 11 बजे अभियान चलाया।
ICG हेलीकॉप्टर दुर्घटना: पायलट दल के दो सदस्यों के शव मिले, तीसरे की तलाश जारी
Pic: Twitter
Published on
Updated on

पोरबंदर: गुजरात तट के पास अरब सागर में भारतीय तटरक्षक (ICG) के एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद लापता हुए चालक दल के तीन सदस्यों में से इसके पायलट और एक गोताखोर के शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि तीसरे की तलाश अब भी जारी है। इस बाबत तटरक्षक के प्रवक्ता अमित उनियाल ने कहा कि कमांडेंट विपिन बाबू और गोताखोर करण सिंह के शव मंगलवार रात को बरामद किए गए जबकि अन्य पायलट राकेश राणा की तलाश का अभियान अब भी जारी है।

उन्होंने कहा कि, ‘‘आईसीजी के अत्याधुनिक हल्के विमान (एएलएच) में चालक दल के कुल चार सदस्य सवार थे। घटना के तुरंत बाद गोताखोर गौतम कुमार को बचा लिया गया जबकि एक पायलट एवं दो गोताखोर समेत तीन अन्य की तलाश जारी थी। मंगलवार रात को पायलट विपिन बाबू और गोताखोर करण सिंह के शव बरामद किए गए।'' उन्होंने कहा, ‘‘अन्य पायलट राकेश राणा अब भी लापता हैं। हमने उनकी तलाश के लिए चार जहाज और एक विमान तैनात किया है। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर का मलबा बरामद कर लिया गया है।''

ICG ने एक बयान में बताया कि यह घटना सोमवार रात को हुई जब उसने टैंकर पर सवार चालक दल के एक घायल सदस्य को बचाने के लिए रात करीब 11 बजे अभियान चलाया। यह टैंकर पोरबंदर के समीप से गुजर रहा था। इस बीच, समुद्र से दो शव बरामद किए जाने के बाद मंगलवार रात को पोरबंदर के नवी बंदर थाने में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, तटरक्षक के हेलीकॉप्टर में चालक दल के चार सदस्य सवार थे।

इसके पहले ICG के बयान में कहा गया था कि, ‘‘दो सितंबर को भारतीय तटरक्षक के एएलएच हेलीकॉप्टर ने गुजरात के पोरबंदर तट पर मोटर टैंकर हरी लीला से चालक दल के एक घायल सदस्य को बचाने के लिए रात 11 बजे उड़ान भरी। हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में लैंडिंग करनी पड़ी और वह समुद्र में गिर गया। चालक दल के एक सदस्य को बचा लिया गया लेकिन बाकी के तीन सदस्यों की तलाश जारी है।''

चिकित्सा आपात बचाव अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर तट से करीब 30 समुद्री मील की दूरी पर समुद्र में अज्ञात कारणों से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तटरक्षक ने बताया कि दो व्यक्तियों की मौत हो गई है जबकि बचाए गए गोताखोर गौतम कुमार अब भी अस्पताल में भर्ती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com