अब CRPF के घेरे में होंगे आजाद, गृह मंत्रालय ने भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखकर को दी Y+ सिक्योरिटी

Chandrashekhar Azad
File Photo
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: गृह मंत्रालय ने भीम आर्मी प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद को 'वाई प्लस' श्रेणी की केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) सुरक्षा प्रदान की है। सूत्रों ने बताया कि यह सुरक्षा कवर केवल उत्तर प्रदेश में प्रदान किया जाएगा। आजाद ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को अपनी जान को खतरा होने का हवाला देते हुए पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की थी। भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद ने अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से पर्चा भरा है। ऐसे में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले केंद्र सरकार ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की है। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने राज्यसभा चुनावों के दौरान क्रॉस वोटिंग करने वाले कुछ नेताओं को भी सुरक्षा प्रदान की है।

जानकारी के लिए बता दें कि भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर बीते साल जून महीने में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के देवबंद में जानलेवा हमला हुआ था। आजाद के समर्थक लगातार केंद्र सरकार से उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने की मांग कर रहे थे। चंद्रशेखार आजाद के समर्थकों ने उनके लिए सुरक्षा की मांग करते हुए की बार प्रदर्शन भी किया था। यही नहीं, चंद्रशेखर ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर सुरक्षा की भी मांग की थी।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने यूपी में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले नेताओं को भी वाय कैटगिरी की सुरक्षा दी है। Y प्लस श्रेणी के सुरक्षा कवर में कुछ कमांडो समेत 8 से 11 जवान शामिल होते हैं। इसमें 2 निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) भी शामिल होते हैं। चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। मायावती की बसपा ने सुरेंद्र पाल पर को टिकट दिया है। इस सीट पर बीजेपी ने ओम कुमार पर भरोसा जताया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com