हिंदी दिवस आज, देशभर के नेताओं ने दी शुभकामनाएं, बताया राष्ट्र की आत्मा और एकता का प्रतीक

हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। हिंदी दिवस के मौके पर कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम के अपनी बात कही। जानिए किसने क्या लिखा।
hindi diwas
हिंदी दिवस आज, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Hindi Diwas: देश के कई सीएम के साथ-साथ तमाम नेताओं ने हिंदी दिवस पर अपनी बात रखी और हिंदी भाषा की महत्ता पर अपने विचार साझा किए। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने एक्स पोस्ट में मैसेज शेयर कर हिंदी को राष्ट्र की आत्मा, संस्कृति और एकता की पहचान बताया।

हर साल 14 सितंबर को देशभर में हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर रविवार को कई केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और हिंदी भाषा के महत्व बताया। सभी नेताओं ने हिंदी को भारतीय संस्कृति, एकता और अस्मिता की पहचान बताया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिंदी को राष्ट्र की चेतना बताया। उन्होंने लिखा कि हिंदी केवल मातृभाषा नहीं बल्कि देश की संस्कृति और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने सामान्य बोलचाल में हिंदी शब्दों को प्राथमिकता दें और इस भाषा को समृद्ध बनाने का प्रण लें।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिंदी हमारी एकता का आधार और अस्मिता की प्रहरी है। उन्होंने लिखा कि यह भाषा भारतीयों को एक सूत्र में बांधती है और परंपराओं की संवाहक है। उन्होंने लोगों से हिंदी के अधिक प्रयोग और उसके वैश्विक प्रसार में भागीदार बनने का आह्वान किया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका को सराहा

हिमंत बिस्वा सरमा ने हिंदी भाषा की सरलता और शालीनता की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हिंदी का वैश्विक प्रभाव बढ़ रहा है और यह भारत की एकता की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी दी शुभकामनाएं

नीतीश कुमार ने हिंदी को देश में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा बताते हुए इसे राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान कहा। उन्होंने कहा कि बिहार में राजभाषा के रूप में हिंदी को सम्मान और गर्व के साथ अपनाया जाता है और सरकारी कामकाज में इसका उपयोग किया जाता है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर का वैश्विक दृष्टिकोण

एस जयशंकर ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं बल्कि संस्कृति और परंपराओं के प्रति वैश्विक रुचि का प्रतीक है। उन्होंने दुनिया भर में हिंदी के प्रचार-प्रसार में लगे लोगों को विशेष रूप से सम्मानित किया।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिंदी को संस्कृति का वाहक बताया

जेपी नड्डा ने हिंदी को भारतीय संस्कारों, जीवन मूल्यों और आदर्शों की संवाहक भाषा बताया। उन्होंने लिखा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी हिंदी ने देश को एकता के सूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विश्वास जताया कि हिंदी भविष्य में भी देश की विविध भाषाओं के साथ मिलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देती रहेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com