हिमाचल उपचुनाव में पत्नी की जीत से मजबूत हुए सुक्खू, सरकार बचाए रखने के लिए अब पर्याप्त बहुमत

हिमाचल उपचुनाव में बीजेपी को आज तगड़ा झटका लगा है। अब राज्य की 3 में से सिर्फ 1 सीट पर ही बीजेपी जीती है। वहीं कांग्रेस ने एक सीट जीती है और नालागढ़ सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। इस जीत से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का पार्टी में कद पार्टी में और मजबुत होगा।
himachal-elections
Published on
Updated on

नई दिल्ली : देशभर के 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की इस समय जहां काउंटिंग हो रही है। वहीं इसमें हिमाचल प्रदेश की भी 3 सीटें शामिल हैं। इनमें से देहरा सीट पर हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी ने जीत दर्ज कर ली है, वहीं हमीरपुर सीट से BJP उम्मीदवार आशीष वर्मा ने बाजी मारी है।

उपचुनाव में हिमाचल की देहरा सीट से जहां कांग्रेस प्रत्याशी और मुख्यमंत्री सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने बड़ी जीत दर्ज कर ली है। वहीं देहरा में 15 साल बाद कांग्रेस की फिर वापसी हुई है। हिमाचल की देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ सीट पर बीते 10 जुलाई को वोट डाले गए थे।

इस बाबत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "हिमाचल की जनता ने हमें 2022 में 40 सीटें दी थी, हमें फिर से जिताना जनता ने तय किया है। जिस प्रकार की खरीद-फरोक्त हिमाचल में हुई है उसका जवाब जनता ने दिया है... देहरा उपचुनाव में मैंने अपनी सरकार की साख दांव पर लगाई थी, 25 साल से कांग्रेस पार्टी वहां जीत नहीं पा रही थी। जब मुख्यमंत्री अपने परिवार के किसी व्यक्ति को मैदान में उतारता है तो उसकी साख भी दांव पर होती है, भाजपा ने पूरा जोर लगाया लेकिन मैं देहरा की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने अपने विवेक का इस्तेमाल किया और कमलेश ठाकुर की एक अच्छी जीत हो रही है। मैं उन्हें बधाई देता हूं।"

देखा जाए तो हिमाचल मुख्यमंत्री सुक्खू के लिए ये साख बचाने का चुनाव बन चुका था। जहां एक ओर लोकसभा चुनाव में हिमाचल की चारों सीटों पर कांग्रेस को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा था तो वहीं इस बार उपचुनाव में उनकी पत्नी कमलेश ठाकुर भी देहरा से चुनावी मैदान में थीं। इसी तरह शुरुआती काउंटिंग में वो BJP प्रत्याशी से लगातार पीछे चल रही थीं, हालांकि बाद में कमलेश ठाकुर ने अच्छी बढ़त बनाते हुए जीत भी दर्ज की । ऐसे में इस जीत से हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू का ना केवल पार्टी में कद बढ़ेगा बल्कि विधानसभा में भी वो और भी मजबूत होंगे।

राज्य के नालागढ़, हमीरपुर और देहरा विधानसभा सीट पर आज सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। तीनों सीट पर 10 जुलाई को मतदान हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि नालागढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप सिंह बावा पांचवे चरण की मतगणना के बाद, भाजपा प्रत्याशी के।एल ठाकुर से 3,548 मतों से आगे हैं। हमीरपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आशीष शर्मा पांचवे चरण की मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र वर्मा को हरा चुकें हैं, जबकि पिछले चार चरणों में वह पीछे थे।

इस तरह 68 सीटों वाली हिमाचल विधानसभा में कांग्रेस के पास सरकार बचाए रखने के लिए अब पर्याप्त बहुमत है। कांग्रेस के पास अब जहां 38 सीटें हैं तो वहीं BJP 27 सीटों पर काबिज है। इस बार BJP और कांग्रेस के उम्मीदवारों सहित कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, राज्य की तीन सीट पर हुए उपचुनाव में कुल 71% मतदान हुआ था।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com