

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें मंगलवार देर रात अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी जानकारी मिलते ही खुद पीएम मोदी अहमदाबाद के लिए रवाना हुए और अस्पताल पहुंचकर मां से मुलाकात की।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पीएम मोदी मां से मिलने अस्पताल पहुंचे और उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत करते हुए मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली। तकरीबन 80 मिनट तक पीएम मोदी अस्पताल में मौजूद रहे। पीएम ने कड़ी सुरक्षा के बीच अपनी बीमार मां से अस्पताल में मुलाकात की और वहां से निकल गए।
हालांकि डॉक्टरों की टीम ने बताया है कि, पीएम मोदी की मां हीराबेन की हालत स्थिर है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।हॉस्पिटल के डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। जिसके तुरंत बाद ही उन्हें ‘यू एन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर’ में भर्ती कराया गया। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती होने के कुछ ही देर बाद अस्पताल की तरफ से एक हेल्थ बुलेटिन जारी किया गया। इस बुलेटिन में बताया गया कि, हीराबेन मोदी की हालत स्थिर है।
पीएम मोदी की मां हीराबेन की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही देश के तमाम नेताओं और लोगों ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस लेकर एक ट्वीट भी किया। राहुल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, "एक मां और बेटे के बीच का प्यार अनन्त और अनमोल होता है, मोदी जी, इस कठिन समय में मेरा प्यार और समर्थन आपके साथ है। मैं आशा करता हूं आपकी माताजी जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं।"