कांग्रेस का बीरेन सिंह पर तंज, कहा- पूछ रहे मणिपुर के लोग यहां कब आएंगे प्रधानमंत्री

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने बीते शनिवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में दो बैठकों में भाग लिया। इस पर रमेश ने कहा कि मणिपुर के लोग पूछ रहे हैं कि क्या एन बीरेन सिंह ने प्रधानमंत्री से अलग से मुलाकात की है?
narendra modi-biren-singh
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: कांग्रेस ने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित दो बैठक में शामिल हुए मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से रविवार को सवाल किया कि क्या उन्होंने मोदी से अलग से व्यक्तिगत मुलाकात कर हिंसा प्रभावित अपने राज्य के हालात पर चर्चा की और उन्हें मणिपुर आने के लिए आमंत्रित किया।

कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने कहा कि मणिपुर के मुख्यमंत्री शनिवार को नयी दिल्ली में नीति आयोग की बैठक में शामिल हुए, जिसकी अध्यक्षता ‘‘स्वयंभू ‘नॉन-बायोलॉजिकल' प्रधानमंत्री'' ने की। उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद मणिपुर के मुख्यमंत्री ने उसी ‘देवता' की अध्यक्षता में भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया।''

रमेश ने यह भी कहा, ‘‘मणिपुर के लोग एक सरल सा प्रश्न पूछ रहे हैं कि क्या एन बीरेन सिंह ने नरेन्द्र मोदी से अलग से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उस मणिपुर की स्थिति पर चर्चा की, जो तीन मई 2023 की रात से जल रहा है?'' इसके साथ ही रमेश ने सवाल किया कि क्या बीरेन सिंह ने मोदी को यूक्रेन यात्रा से पहले या बाद में मणिपुर आने का निमंत्रण दिया।

मणिपुर में मई 2023 में मेइती और कुकी समुदायों के बीच हिंसा भड़कने के बाद से लगभग 200 लोग मारे जा चुके हैं और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक के लिए शनिवार को यहां आए बीरेन सिंह ने कहा कि वह पार्टी को मजबूत करके और इसके मूल मूल्यों व विचारधारा को कायम रखते हुए राष्ट्र की सेवा करने की अपनी अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं।

मुख्यमंत्री सिंह ने बीते शनिवार को नीति आयोग की नौवीं शासी परिषद की बैठक में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि बैठक में देश की प्रगति में तेजी लाने और विभिन्न क्षेत्रों के सामने आने वाली बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से विभिन्न रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। CM बीरेन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में उन्होंने पार्टी को मजबूत करने और इसकी विचारधारा को बनाए रखते हुए राष्ट्र की सेवा करने की भावना व्यक्त की है। इसके साथ ही नीति आयोग की बैठक में देश की प्रगति में तेजी लाने और बाधाओं को दूर करने की रणनीति बनाई गई है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com