ऐसा लगता है मानो PM मोदी ने हार मान ली...ट्रंप ने किया टैरिफ कटौती का ऐलान तो कांग्रेस ने कसा तंज

Trumps Tariff Cut: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति के सामने दबाव में दिखते हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी भी तरह से 'फादर ऑफ ऑल डील्स' नहीं हो सकता।
congress taunts pm modi on trumps tariff cut announcement
जयराम रमेश (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Jairam Ramesh on Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर अमेरिका द्वारा लगाए जा रहे टैरिफ में कटौती का ऐलान किया है। इस घोषणा के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पीएम मोदी किसी कारणवश राष्ट्रपति ट्रंप के सामने दबाव में नजर आते हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि वॉशिंगटन में इस वक्त “मोगैम्बो खुश है”।

सोमवार को जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को रोकने की घोषणा, रूस और वेनेजुएला से भारत की तेल खरीद को लेकर जानकारी और अब भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा तीनों ही फैसले वॉशिंगटन डीसी से सामने आए हैं।

पीएम मोदी पर कांग्रेस का तंज

जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने स्पष्ट रूप से दबाव में दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि जहां पहले दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी नजर आती थी, वहीं अब पीएम मोदी उनके साथ दिखने में भी असहज लगते हैं। कांग्रेस नेता का दावा है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रधानमंत्री ने ‘हार मान ली हो’, और यह किसी भी तरह से ‘फादर ऑफ ऑल डील्स’ नहीं कहा जा सकता। इसी क्रम में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वॉशिंगटन में साफ तौर पर मोगैम्बो खुश है।

भारतीय उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। ट्रंप ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सोशल ट्रूथ पर एक पोस्ट के जरिए साझा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात कर बेहद अच्छा लगा। यह जानकर खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा। इस अहम घोषणा के लिए उन्होंने भारत की 140 करोड़ जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का आभार जताया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com