अहमदनगर में स्पीकर को लेकर दो गुटों में झड़प, धार्मिक स्थलों पर पथराव; 5 लोग घायल, 7 गिरफ्तार

Clash
File Photo
Published on
Updated on

अहमदनगर. महाराष्ट्र (Maharashtra) के अहमदनगर (Ahmednagar) जिले में विभिन्न समुदायों के दो समूहों के बीच झड़प में कम से कम पांच लोग घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना राज्य की राजधानी से लगभग 270 किलोमीटर दूर राहुरी के गुहा गांव में सोमवार सुबह हुई, जब एक समूह नाथपंथी संप्रदाय के एक मंदिर में अनुष्ठान कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि यह मंदिर दूसरे समुदाय के धार्मिक स्थल के करीब स्थित है। उन्होंने कहा, "चूंकि मंदिर में प्रार्थना की जा रही थी और स्पीकर तेज आवाज में था, दूसरे समुदाय के एक समूह ने आवाज कम करने के लिए कहा। हालांकि, इससे दोनों समूहों के बीच बहस हुयी।"

विवाद के दौरान मंदिर के पुजारी और एक अन्य व्यक्ति की दूसरे समूह ने पिटाई कर दी। उन्होंने बताया कि इसके चलते दोनों समूहों के बीच झड़प हो गई। झड़प के दौरान मंदिर पर पत्थर फेंके गए, जिसके बाद उस समूह ने भी दूसरे समूह के धार्मिक स्थल पर भी पत्थर फेंके। उन्होंने बताया कि घटना में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। 

उन्होंने यह भी बताया कि पथराव के कारण दोनों धार्मिक स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद अहमदनगर पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और गांव में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। अधिकारी ने बताया कि राहुरी पुलिस स्टेशन में दोनों तरफ से शिकायत दिये जाने के बाद दोनों समूहों के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। (एजेंसी)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com