

Highlights:
सीजेपी की तिरंगा यात्रा से पहले दिल्ली पुलिस ने बुलाई बैठक
पुलिस ने रणनीति पर चर्चा के लिए बड़े अधिकारियों को बुलाई
शुक्रवार के लिए सीजेपी नेता अभिजीत दिपके ने तिरंगा मार्च का कॉल दिया
कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी चर्चा होगी
CJP Abhijit Dipke Calls Tiranga March: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके द्वारा 16 अक्टूबर, शुक्रवार को कनॉट प्लेट में तिरंगा फहराने का कॉल दिया गया है। इसके बाद एक बार फिर दिल्ली पुलिस एक्टिव मोड में है। पुलिस के आला अधिकारियों की गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में एक उच्च-स्तरीय बैठक होगी। इस बैठक में नई रणनीतियों पर चर्चा होगी, जिसमें कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में सुरक्षा और ट्रैफिक के इंतजाम शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कानून-व्यवस्था जोन (I और II) के स्पेशल पुलिस कमिश्नर, क्राइम, स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस और ट्रैफिक जैसी अन्य इकाइयों के अधिकारी, साथ ही जॉइंट पुलिस कमिश्नर (नई दिल्ली रेंज) और डिप्टी पुलिस कमिश्नर (नई दिल्ली जिले) सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल होंगे।
इस बैठक में CJP के प्रस्तावित 'तिरंगा मार्च' के लिए सुरक्षा स्तर पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, यह भी तय किया जाएगा कि नई दिल्ली इलाके में लागू BNSS की धारा 163 के तहत जारी निषेधाज्ञा का उल्लंघन न हो, इसके लिए क्या-क्या एहतियाती कदम उठाए जाने चाहिए।
दिल्ली पुलिस यह भी सुनिश्चित चाहती है कि मध्य दिल्ली में कनॉट प्लेस और आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोगों को इकट्ठा न होने दिया जाए। कनॉट प्लेस और मध्य दिल्ली के अन्य हिस्सों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन को भी बैठक के मुख्य एजेंडे में शामिल है।
बता दें कि जंतर-मंतर पर केवल तीन एंट्री प्वाइंट हैं। जबकि कनॉट प्लेस में कई एंट्री और एग्जिट प्लाइंट है। और यहां सभी दिशाओं से पहुंचा जा सकता है। जिसके बाद सवाल उठ रहे है कि क्या सभी प्रवेश बिंदुओं को बंद करके वहां बैरिकेड लगाए जाएंगे। दिल्ली में मेट्रो स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट को बंद करने के बारे में भी निर्णय लिया जाएगा।
बता दें कि गुरुवार को अभिजीत दिपके ने देशभक्तों से अपील की कि वे शुक्रवार को राजधानी के व्यावसायिक केंद्र स्थित सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज के साथ इकट्ठा हों। उन्होंने आरोप लगाया कि CJP के सदस्यों, सौरव दास और आशुतोष रंका को सिर्फ तिरंगा फहराने के लिए जेल में डाल दिया गया है। यह अपील ऐसे समय में आई है जब दास और रंका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजकर तिहाड़ जेल में रखा गया है।
दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से अनुरोध किया है कि दिल्ली में तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 273 कंपनियों की तैनाती को 20 अक्टूबर तक बढ़ा दिया जाए। पुलिस ने यह अनुरोध CJP और विभिन्न संगठनों द्वारा जंतर-मंतर और भारत निर्वाचन आयोग की ओर विरोध प्रदर्शनों के और तेज होने की संभावना को देखते हुए किया है।