कनाडा शोरूम गोलीकांड: 'अगली बार घर में घुसकर...', Manna Brampton ने ली जिम्मेदारी; Lawrence कनेक्शन आया सामने

Lawrence Bishnoi Gang: कनाडा में एक बार फिर कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी फायरिंग की घटना सामने आई है। इस बार निशाना बना ब्रैम्पटन-मिसिसॉगा इलाके में स्थित ऑटोविला कार सेल्स का शोरूम।
Lawrence Bishnoi Gang Take Responsibility Of Canada Firing Case
लॉरेंस बिश्नोई (सोर्स- डिजाइन इमेज)
Updated on

Canada Firing News: कनाडा में एक बार फिर कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी फायरिंग की घटना सामने आई है। इस बार निशाना बना ब्रैम्पटन-मिसिसॉगा इलाके में स्थित ऑटोविला कार सेल्स का शोरूम। सोशल मीडिया पर गैंग से जुड़े लोगों ने इस वारदात की जिम्मेदारी लेते हुए न सिर्फ दावा किया बल्कि धमकी भरे संदेश भी जारी किए हैं। हाल के दिनों में कनाडा में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

किसने ली जिम्मेदारी

फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई है जिसमें खुद को 'मन्ना ब्राम्पटन' बताने वाले शख्स ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा गया कि वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह, राम-राम सभी भाइयों को। आज ऑटोविला कार सेल्स , मनी रंधावा (मिसिसॉगा, ब्राम्पटन, कनाडा) में फायरिंग हुई है और इसकी जिम्मेदारी मन्ना ब्राम्पटन, बॉस यूरोप और लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप लेते हैं। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि शोरूम मालिक को पहले चेतावनी दी गई थी कि वह उनके दुश्मनों का साथ न दे लेकिन उसने इसे नजरअंदाज किया।

धमकी भरे पोस्ट से डर का माहौल

सोशल मीडिया पोस्ट में आगे बेहद गंभीर और खतरनाक धमकियां दी गईं। इसमें कहा गया कि शोरूम मालिक कथित तौर पर दुश्मनों को हथियार और चोरी की गाड़ियां उपलब्ध कराता था। पोस्ट में लिखा गया कि यह तो बस एक ट्रेलर था, अगली बार तेरे घर में घुसकर सीधे तेरे माथे में गोली मारेंगे। पूरे ब्रैम्पटन को पता है कि हम घर में घुसकर मारने में एक्सपर्ट हैं। इसके साथ ही सभी विरोधियों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि वह तैयार रहें क्योंकि मौत कभी भी उनके दरवाजे पर आ सकती है। इस तरह की भाषा ने स्थानीय समुदाय में डर का माहौल पैदा कर दिया है।

कनाडा में बढ़ रहीं इस तरह की घटनाएं

पिछले कुछ समय में कनाडा में फायरिंग की घटनाओं में तेजी आई है। मार्च महीने में कैलगरी और मिसिसॉगा में भी इसी तरह की वारदातें सामने आई थीं। कैलगरी में मलवा टायर के मालिक हरप्रीत बराड़ के घर पर फायरिंग हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी कुलबीर सिंह संधू नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी।

वहीं, मिसिसॉगा के एक रेस्टोरेंट और कैलिडॉन क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े ठिकानों पर भी गोलीबारी हुई थी जिसकी जिम्मेदारी मन्ना ब्राम्पटन ने ली थी। हालांकि, कनाडा की जांच एजेंसियां अब तक किसी बड़े संगठित गैंग कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर पाई हैं। एजेंसियों का मानना है कि कुछ युवा आपराधिक तत्व दबदबा बनाने और भय फैलाने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था के लिए नई चुनौती खड़ी हो रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com