

आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। आगरा में वायुसेना का विमान क्रैश हो गया है। अब तक के आई जानकारी के मुताबिक विमान क्रैश होकर जमीन पर गिरा, इसके तुरंत बाद विमान में आग लग गई।
बता दें, विमान खाली खेत में गिरा था, जमीन पर गिरते ही विमान में भयंकर आग लग लगी। बताया जा रहा है कि विमान में पायलट समेत 2 लोग मौजूद थे। हादसे में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
रक्षा अधिकारियों ने वायुसेना के इस MiG-29 विमान में आग लगने की घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय वायुसेना के पायलट समेत दो लोगों ने खेत में कूदकर जान बचाई है। वायुसेना के इस विमान की पहचान MiG-29 लड़ाकू विमान के रूप में हुई है।
यह लड़ाकू विमान पंजाब के आदमपुर से उड़ान भरी थी और अभ्यास के लिए आगरा जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। घटनास्थल से मिली वीडियो फूटेज और तस्वीरों में जलते हुए फाइटर जेट के पास लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। अधिकारियों ने बताया है कि इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।
यह पहली बार नहीं हुआ है कि MiG-29 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। इससे पहले 2 सितंबर को राजस्थान के बाड़मेर में एक MiG-29 लड़ाकू विमान तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस समय भी दुर्घटना से पहले पायलट सुरक्षित रूप से बाहर निकलने में कामयाब रहा था।