

Boiler Blast: आंध्र प्रदेश के श्री सिटी में एक दवा बनाने वाली फैक्ट्री में बॉयलर फटने से चार लोगों की मौत हो गई और 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया।
शिक्षा मंत्री नारा लोकेश ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि श्री सिटी की एक प्राइवेट फैक्ट्री में हुए हादसे से गहरा सदमा लगा है। बॉयलर फटने से हुई मजदूरों की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना एक ऐसी त्रासदी है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि मृतकों की आत्मा को शांति मिले। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
मैं अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि वे यह सुनिश्चित करें कि इस हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को हर संभव बेहतर इलाज मिले। सरकार मृतकों के परिवारों के साथ हर तरह से खड़ी रहेगी।
स्थानीय प्रशासन बेहतर इलाज के लिए घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार ये हादसा तिरुपति जिले के सत्यवेदु मंडल स्थित श्री सिटी के एक प्राइवेट फार्मास्यूटिकल कंपनी में हुआ. बॉयलर में अचानक हुए विस्फोट से परिसर में काम कर रहे श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। शुरूआती जानकारी के अनुसार हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
तिरुपति जिले के श्री सिटी में बॉयलर फटने की घटना पर उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण ने दुख जताया। हादसे की जानकारी मिलते ही उन्होंने जिला कलेक्टर से बात की और घटना के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि इस फार्मास्युटिकल इंडस्ट्री में बॉयलर फटने से ड्यूटी पर मौजूद चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है और उसे बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के अपोलो अस्पताल भेजा गया है।
उप मुख्यमंत्री ने उस इंडस्ट्री में मौजूदा हालात का जायजा लिया जहां हादसा हुआ था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे घायलों को बेहतरीन मेडिकल सुविधाएं मिलना सुनिश्चित करें। उन्होंने श्री सिटी की सीमा में आने वाली सभी इंडस्ट्रीज में सुरक्षा मानकों के पालन की समीक्षा करने और हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह भी दी।
उन्होंने साफ कहा कि इस घटना के बाद तुरंत एक व्यापक सुरक्षा ऑडिट किया जाना चाहिए। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार मृतकों के परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।