BJP ने MP में 57 और राजस्थान में 41 उम्मीदवारों की सूची की जारी, चुनाव की तारीखों का हो चुका है ऐलान

राजस्थान में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी लड़ाई है। राज्य में बारी-बारी से कांग्रेस और भाजपा का दौर चलता रहा।
Shivraj and Vasundhara
Shivraj and Vasundhara
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 (Madhya Pradesh Assembly Election s 2023) के लिए 57 उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी कर दी है। इसके अलावा पार्टी ने राजस्थान विधासभा चुनाव 2023 (Rajasthan Assembly Elections 2023) के लिए 41 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है।

बुधनी से चुनाव लड़ेंगे शिवराज सिंह चौहान

सूची के अनुसार, सीएम शिवराज सिंह चौहान बुधनी से चुनाव लड़ेंगे। जबकि, राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा दतिया से, गोपाल भार्गव रेहली से, विश्वास सारंग नरेला से और तुलसीराम सिलावट सांवेर से उम्मीदवार होंगे।

भाजपा ने सात सांसदों को दिया टिकट

वहीं, राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सात मौजूदा सांसदों को चुनावी मैदान में उतारा है। सूचि के अनुसार सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ झोटवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे। जबकि, सांसद दीया कुमारी विद्याधर नगर से, सांसद नरेंद्र कुमार मंडावा से, सांसद बाबा बालकनाथ तिजारा से, सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीना सवाई माधोपुर से, सांसद भागीरथ चौधरी किशनगढ़ से और सांसद देवजी पटेल सांचौर से चुनाव लड़ेंगे।

MP में 17 और राजस्थान में 23 नवंबर को होगा मतदान

इससे पहले आज चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया। 230 सीटों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए में 17 नवंबर को और 200 सीटों वाली राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 23 नवंबर को मतदान होगा। दोनों राज्यों में एक ही चरण में मतदान होगा और नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

राजस्थान में हर पांच साल में बदलती है सरकार

गौरतलब है कि राजस्थान में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी लड़ाई है। राज्य में बारी-बारी से कांग्रेस और भाजपा का दौर चलता रहा। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 100 सीटें जीती। जबकि, भाजपा के खाते में 73 सीटें आई और बीएसपी ने 6 सीटें हासिल कीं। इसके अलावा, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 3 सीटें, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) को 2-2 सीटें मिलीं। 2018 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) सिर्फ एक सीट हासिल करने में सफल रही, जबकि 13 स्वतंत्र उम्मीदवार थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com