विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के CM के रूप में ली शपथ, अरुण साव और विजय शर्मा बने उपमुख्यमंत्री

BJP leader Vishnu Deo Sai takes oath as the Chief Minister of Chhattisgarh
Published on: 
Updated on: 

रायपुर: विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री के रूप में बुधवार को शपथ ली। राज्य में इससे पहले अजीत जोगी, रमन सिंह और भूपेश बघेल इस पद पर रह चुके हैं। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और विजय शर्मा ने डिप्टी सीएम के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज में किया गया। 

यह पहला मौका है जब राज्य में मुख्यमंत्री को सहयोग करने के लिए दो उपमुख्यमंत्री बनाये गये हैं। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने साइंस कॉलेज मैदान में एक शपथ ग्रहण समारोह के दौरान साय और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। 

https://twitter.com/ANI/status/1734884311269327305

भाजपा ने रविवार को प्रमुख आदिवासी नेता साय (59) को छत्तीसगढ़ के नये मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया था। पूर्व केंद्रीय मंत्री साय छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग के कुनकुरी विधानसभा सीट से जीत हासिल की। इस क्षेत्र की सभी 14 सीटों पर अब भाजपा का कब्जा है।

साय के साथ शपथ लेने वाले उपमुख्यमंत्री अरुण साव (54) प्रभावशाली साहू (तेली) ओबीसी समुदाय से आते हैं तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। अधिवक्ता से नेता बने साव ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी थानेश्वर साहू को लोरमी सीट से 45,891 वोटों से हराया है। अन्य उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा (50) ब्राह्मण समुदाय से हैं। वह राज्य में भाजपा के महामंत्री हैं। हिंदुत्व के मुखर समर्थक शर्मा ने कवर्धा निर्वाचन क्षेत्र में प्रभावशाली कांग्रेस नेता और निवर्तमान मंत्री मोहम्मद अकबर को 39,592 वोटों से हराया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com