BJP ने महाराष्ट्र में 3 उम्मीदवारों का किया ऐलान, प्रणीति शिंदे के खिलाफ 'इस' नेता को दिया टिकट

BJP and Praniti Shinde
Published on
Updated on

मुंबई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार (24 मार्च) को लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के लिए 111 उम्मीदवारों की पांचवी लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने महाराष्ट्र (Maharashtra) में तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। जिसमें दो सांसद और एक विधायक शामिल है।

भाजपा ने सोलापुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की उम्मीदवार विधायक प्रणीति शिंदे (43) के खिलाफ विधायक राम सातपुते को टिकट दिया है। वहीं, भाजपा ने भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट से सुनील मेंढे को टिकट दिया है। जबकि, पार्टी ने गडचिरोली-चिमूर लोकसभा क्षेत्र से अशोक नेते को फिर से उम्मीदवार बनाया है।

गौरतलब है कि प्रणिती शिंदे पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे की बेटी हैं और सोलापुर सिटी सेंट्रल से तीन बार की विधायक हैं। युवा राम सातपुते कड़ी टक्कर दे सकते हैं।

इससे पहले भाजपा ने राज्य में 20 उम्मीदवारों का ऐलान किया था। पार्टी ने उत्तर मुंबई सीट से सांसद गोपाल शेट्टी का टिकट काटा और उनकी जगह केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को टिकट दिया है। इसके अलावा पार्टी ने उत्तर पूर्व मुंबई सीट से सांसद मनोज कोटक का भी टिकट काटा है। उनकी जगह मिहिर कोटेचा पर पार्टी ने भरोसा जताया है। वहीं, पार्टी ने बीड से सांसद प्रीतम मुंडे का भी टिकट काटा और उनकी बहन पंकजा मुंडे को टिकट दिया है।

भाजपा महाराष्ट्र में अभी तक 23 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। लेकिन अन्य सीटों पर महायुति (भाजपा, शिवसेना और एनसीपी) में सहमति नहीं बनी है। माना जा रहा है कि महायुति 26 मार्च तक सभी सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर देगी।

भाजपा ने महाराष्ट्र में इन 23 नेताओं को दिया टिकट

सोलापुर - राम सातपुते

गडचिरोली-चिमूर (एसटी)- अशोक महादेव राव नेते

भंडारा-गोंदिया - सुनील मेंढे

नंदुरबार (एसटी)- डॉ. हिना विजयकुमार गावित

धुले- डॉ. सुभाष रामराव भामरे

जलगांव- स्मिता वाघ

रावेर- रक्षा निखिल खडसे

अकोला- अनूप धोत्रे

वर्धा- रामदास चंद्रभानजी तडस

नागपुर- नितिन जयराम गडकरी

चंद्रपुर- सुधीर मुंगंटीवार

नांदेड़- प्रतापराव पाटिल चिखलिकर

जालना- रावसाहेब दादाराव दानवे

डिंडोरी (एसटी)- डॉ. भारती प्रवीण पवार

भिवंडी- कपिल मोरेश्वर पाटिल

मुंबई उत्तर- पीयूष गोयल

मुंबई उत्तर पूर्व- मिहिर कोटेचा

पुणे- मुरलीधर किशन मोहोल

अहमदनगर- डॉ. सुजय राधाकृष्ण विखे पाटिल

बीड- पंकजा मुंडे

लातूर (एससी)- सुधाकर तुकाराम श्रृंगारे

माढा- रणजीतसिन्हा हिंदूराव नाइक निंबालकर

सांगली- संजयकाका पाटिल

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com