'राहुल को PM बनाने के लिए सिंगापुर में हो रहा काम', भाजपा का सनसनीखेज दावा; उजागर किए कनेक्शन

भारतीय राजनीति में एक बार फिर विदेशी ताकतों के हस्तक्षेप का मुद्दा गरमाता हुआ दिखाई दे रहा है। BJP ने Congress और Rahul Gandhi पर गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाते हुए देश में विदेशी हस्तक्षेप की बात की।
bjp-accuses-rahul-gandhi-foreign-links-singapore-pakistan-social-media-conspiracy
देश और PM मोदी के खिलाफ विदेशों से निगेटिव नैरेटिव गढ़वा रहे राहुल (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BJP Allegations on Rahul Gandhi and Congress: भारतीय राजनीति में एक बार फिर विदेशी ताकतों के हस्तक्षेप का मुद्दा गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाया है। भाजपा का दावा है कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए भारत के वोटर नहीं, बल्कि सिंगापुर, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों में बैठे लोग काम कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबूत पेश करने का दावा करते हुए कहा कि पीएम मोदी और देश की छवि खराब करने के लिए विदेशी धरती से बाकायदा एक नैरेटिव सेट किया जा रहा है।

यह पूरा विवाद तब खड़ा हुआ जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने हाल ही में एक नया फीचर लॉन्च किया। इस फीचर के जरिए अब यह पता चल जाता है कि कोई अकाउंट किस देश से बनाया गया है या उसका लोकेशन क्या है। इसी तकनीक का हवाला देते हुए संबित पात्रा ने दावा किया कि कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा का एक्स अकाउंट अमेरिका में स्थित पाया गया है। इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र कांग्रेस का अकाउंट आयरलैंड और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का अकाउंट थाईलैंड के जरिए जुड़ा हुआ मिला है। भाजपा का कहना है कि पोल खुलने के डर से अब इन लोकेशंस को बदला या छिपाया जा रहा है।

विदेशी धरती से रची जा रही साजिश

संबित पात्रा ने कड़े शब्दों में कहा कि 2014 से ही कांग्रेस और उनकी सोशल मीडिया टीम विदेशी ताकतों की मदद ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान, मलेशिया और सिंगापुर में बैठे फेक अकाउंट्स के जरिए भारत में भाजपा और आरएसएस के खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है। पात्रा के मुताबिक, राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के खिलाफ बातें करते हैं और देश में गृहयुद्ध जैसा माहौल भड़काने की कोशिश करते हैं। उनका कहना है कि राहुल गांधी को विदेशों से महानता के सर्टिफिकेट मिल रहे हैं, जबकि वे भारत के संवैधानिक संगठनों के खिलाफ बोलते हैं और दूसरे देशों से भारत के लोकतंत्र को बचाने की अपील करते हैं।

मिडास टच नहीं, यह है 'सैड टच'

भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन अब समझ चुका है कि राहुल गांधी के पास मिडास टच नहीं बल्कि सैड टच है। वे जिसे भी छूते हैं, उसकी हार निश्चित हो जाती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक के राजनीतिक हालातों का उदाहरण देते हुए कहा कि राहुल गांधी राजनेता बनने के लायक नहीं हैं। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता सिर्फ विदेशी धरती से भारत के खिलाफ भड़काने का काम कर सकते हैं, इसलिए देश को उनसे सावधान रहने की जरूरत है। हालांकि, कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे महज ध्यान भटकाने वाला और मूर्खतापूर्ण करार दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com