बंगाल-बिहार से राजस्थान तक, कौन लगा रहा ट्रेनों में आग? रेलवे को देश के खिलाफ साजिश की आशंका!

Indian Railway: रेलवे का यह बयान मध्य प्रदेश के रतलाम में दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में लगी भीषण आग के कुछ दिनों बाद आया है। रेलवे ने यात्रियों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है।
fire in train
आग की चपेट में कोरबा-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Indian Railway On Fire In Train: भारत के अलग-अलग हिस्सों में इन दिनों ट्रेन में आग लगने की घटनाएं हर रोज देखने को मिल रही हैं। अचानक इस तरह के मामलों में आए बढ़ोतरी को लेकर भारतीय रेलवे ने एक बड़ा खुलासा किया है। इंडियन रेलवे ने बुधवार इन हादसों को महज इत्तेफाक या तकनीकी गड़बड़ी के बजाय, इसके पीछे किसी 'साजिश' की गहरी आशंका जताई है। आधिकारिक बयान में साफ कहा गया है कि अब तक हुई जांच के नतीजे 'असामाजिक तत्वों' की संलिप्तता की ओर साफ इशारा कर रहे हैं। इस अहम खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियों और रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है।

रेलवे प्रशासन ने खासतौर पर चार अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं का जिक्र किया है, जिन्होंने सुरक्षा तंत्र की नींद उड़ा दी है। इनमें राजस्थान के अमरपुरा और कोटा में सामने आई घटनाएं शामिल हैं। इसके अलावा, बिहार के सासाराम और पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भी ट्रेनों में भड़की आग ने इस शक को और पुख्ता कर दिया है कि इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश हो सकती है।

बेडरोल में आग लगाने की कोशिश

रेलवे का कहना है कि इन सभी घटनाओं को 'बेहद गंभीरता' से लिया जा रहा है। अमरपुरा में जहां ट्रेन के बेडरोल (कंबल-चादर) में आग लगाने की कोशिश की गई, वहीं हावड़ा की घटना में तो कोच के बाथरूम से पेट्रोल से सना हुआ एक कपड़ा बरामद हुआ है, जिसने साजिश के शक को और पुख्ता कर दिया है।

सासाराम की घटना ने शक को बढ़ाया

इसी तरह, कोटा में एक राजधानी एक्सप्रेस के बाथरूम से लपटें उठती देखी गईं। वहीं, बिहार के सासाराम स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 पर खड़ी सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक खाली कोच में किसी अज्ञात शख्स ने कोई जलती हुई चीज फेंक दी। हालांकि, शुरुआती जांच में सासाराम की घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट का अंदेशा जताया गया था, लेकिन अब इसमें भी तोड़फोड़ का एंगल सामने आ रहा है।

मध्य प्रदेश के रतलाम में भी ऐसी घटना

रेलवे का यह बयान मध्य प्रदेश के रतलाम में दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में लगी भीषण आग के कुछ दिनों बाद आया है। विक्रमगढ़ आलोट और लूनी ऋचा स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:15 बजे ट्रेन के बी-1 (B-1) कोच में आग भड़क उठी थी। इस कोच में 68 यात्री सवार थे। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई। आग इतनी भयंकर थी कि अलग किए गए डिब्बे से आसमान में काले धुएं का भारी गुबार छा गया और लपटें रेलवे ट्रैक के किनारे लगे पेड़ों तक पहुंच गईं। इस बड़ी घटना के कारण उस रूट का रेल ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। कम से कम 18 ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ गया और कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

घटनाओं को लेकर अलर्ट मोड पर RPF

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद रेलवे प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। मामलों की तह तक जाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। RPF की स्पेशल टीमें हर एक मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि देश की जीवनरेखा माने जाने वाले रेलवे नेटवर्क को निशाना बनाने के पीछे किन लोगों का हाथ है।

इन लगातार हो रही घटनाओं के मद्देनजर भारतीय रेलवे ने यात्रियों से भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। रेलवे ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वे अलर्ट और सुरक्षित रहें। अगर आपको ट्रेन या स्टेशन पर कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो बिना कोई देर किए तुरंत रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर सूचना दें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com