

नई दिल्ली: कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता एवं केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ए के एंटनी (AK Antony) के बेटे अनिल एंटनी (Anil Antony) गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल (Piyush Goyal), केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, राज्यसभा सदस्य व बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी की मौजूदगी में अनिल एंटनी ने यहां बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
अनिल ने इसी साल जनवरी महीने में कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने गुजरात में 2002 में हुए दंगों पर आधारित ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के वृत्तचित्र को भारतीय संस्थानों के विचारों से अधिक महत्व दिए जाने को खतरनाक चलन बताते हुए कहा था कि इससे देश की संप्रभुता प्रभावित होगी।
https://twitter.com/ANI/status/1643915477016809472
इस प्रतिक्रिया के बाद उन्हें कांग्रेस के भीतर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद उन्होंने पार्टी में अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। गौरतलब है कि ए के एंटनी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और वह केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रह चुके हैं। फ़िलहाल कांग्रेस को एक के बाद एक झटका लग रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रक्षामंत्री ए के एंटनी ने बेटे अनिल के बीजेपी में जाने से कांग्रेस को काफी नुकसान हो सकता है।