Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद प्लेन क्रैश में 290 से अधिक की मौत, एक क्लिक में जानें सबकुछ

Ahmedabad Air India Plane Crash Live Updates: अहमदाबाद प्लेन क्रैश: एयर इंडिया का प्लेन टेक ऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त, 242 यात्री सवार थे।
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद प्लेन क्रैश में 290 से अधिक की मौत, एक क्लिक में जानें सबकुछ
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद प्लेन क्रैश में 290 से अधिक की मौत, एक क्लिक में जानें सबकुछ

Ahmedabad: अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 242 लोग सवार थे। विमान लंदन जा रहा था। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बताया कि विमान में 232 यात्री और 10 चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान के नीचे उड़ने और ऊंचाई हासिल करने के लिए संघर्ष करने का एक वीडियो दोपहर 1.38 बजे ज़मीन से टकराता है और आग के एक बड़े गोले में फट जाता है। यह विमान ईंधन से भरा हुआ था क्योंकि यह लंदन के लिए लंबी दूरी की उड़ान भर रहा था।

हादसे में 290 से अधिक लोग मारे गए

पुलिस अधिकारी विधि चौधरी ने मीडिया को बताया, "लगभग 294 लोग मारे गए हैं। इसमें कुछ छात्र भी शामिल हैं, क्योंकि विमान उस इमारत पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जहां वे रह रहे थे।" उन्होंने कहा कि पुलिस को एक जीवित व्यक्ति मिला है जो आपातकालीन निकास के पास सीट 11ए पर था। उन्होंने कहा कि अस्पताल में और भी लोग जीवित बचे हो सकते हैं। 40 वर्षीय रमेश विश्वाशकुमार ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, "उड़ान भरने के तीस सेकंड बाद तेज आवाज हुई और फिर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।"

गृह मंत्री अमित शाह ने घायलों से मुलाकात की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घायलों से मुलाकात की, जिनमें एक घायल व्यक्ति भी शामिल है, जो आज दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान AI171 का एकमात्र जीवित बचा यात्री प्रतीत होता है।

कांग्रेस पार्टी के शुक्रवार के सभी कार्यक्रम रद्द

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे पर बृहस्पतिवार को दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। प्रमुख विपक्षी दल ने विमान हादसे के पीड़ितों के सम्मान में शुक्रवार को देश भर में अपने सभी कार्यक्रमों को रद्द करने का फैसला भी किया है। कांग्रेस ने अहमदाबाद के स्थानीय कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव सहयोग करें।

एएआईबी एयर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच करेगा

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) बृहस्पतिवार को अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले की जांच करेगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दुर्घटना के शिकार एअर इंडिया के ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान में 12 चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे।

दुर्घटना स्थल पर पहुंचे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु स्थिति का जायजा लेने के लिए एयर इंडिया विमान दुर्घटना स्थल पर पहुंचे।

ब्रिटिश राजा चार्ल्स-III ने अहमदाबाद विमान हादसे पर दुख जताया

ब्रिटिश राजा चार्ल्स ने कहा कि वह और उनकी पत्नी रानी कैमिला "आज सुबह अहमदाबाद में हुई भयानक घटनाओं से बेहद सदमे में हैं।" बकिंघम पैलेस से जारी उनके बयान में कहा गया है, "हमारी विशेष प्रार्थनाएँ और सबसे गहरी सहानुभूति उन सभी परिवारों और दोस्तों के साथ है जो इस भयावह दुखद घटना से इतने सारे देशों में प्रभावित हुए हैं, क्योंकि वे अपने प्रियजनों की खबर का इंतजार कर रहे हैं।"

अहमदाबाद विमान हादसे पर विदेश मंत्रालय का बयान

अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर विदेश मंत्रालय का बयान आया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दुर्घटना में कई लोगों की जान गई है। कई विदेशी भी शामिल हैं। हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।

पुतिन ने अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया दुख

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अहमदाबाद विमान हादसे पर राष्ट्रपति और पीएम नरेंद्र मोदी को संदेश भेजा है। पुतिन ने अहमदाबाद विमान हादसे पर दुख जताया है।

अहमदाबाद विमान हादसे में विजय रुपाणी की मौत

अहमदाबाद में एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी का निधन हो गया है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने एक्स पर इस बात की जानकारी दी। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने अपनी ये पोस्ट डिलीट कर दी। खबरों के मुताबिक हादसे में पूर्व CM नहीं बच पाए हैं।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद के असरवा सिविल अस्पताल पहुंचे

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद के असरवा सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां विमान दुर्घटना में घायलों को लाया गया है।

राष्‍ट्रपति, PM मोदी और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने जताया शोक

अहमदाबाद विमान हादसे पर राष्ट्रपति ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि ‘यह दिल दहला देने वाली त्रासदी है, मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे को ‘शब्दों से परे दुखद’ बताते हुए कहा कि वे लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। साथ ही इस हादसे पर राहुल गांधी ने कहा, ‘यह बेहद दर्दनाक है. पीड़ित परिवारों की पीड़ा अकल्पनीय है।’

अमित शाह जा रहे हैं अहमदाबाद

अहमदाबाद विमान हादसा बहुत ही भयावह है। खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब अहमदाबाद जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य चल रहा है। सेना अलर्ट मोड में है। अब तक अस्पताल ने 133 शव मिलने की पुष्टि की है।

विमान दुर्घटना में अब तक 133 लोगों की मौत

अहमदाबाद में प्लेन क्रैश से बड़ी तबाही हुई है। अहमदाबाद विमान हादसे में अब तक 133 लोगों के मरने की पुष्टि हो गई है. अब तक 133 शव मिल गए हैं। खुद अस्पताल ने इस बात की पुष्टि की है। हालांकि, मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। विजय रूपाणी को लेकर भी अभी कोई अपडेट नहीं आया है।

पीएम मोदी ने अमित शाह, राम मोहन नायडू से की बात

Ahmedabad: अहमदाबाद विमान हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की। खबरों के मुताबिक, पीएम मोदी ने उनसे अहमदाबाद जाने के लिए कहा है। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा है कि विमान दुर्घटना के बाद प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाए। वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की और अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की घटना का जायजा लिया।

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में अब तक 30 मौत

एयर इंडिया प्लेन क्रैश के कारण अहमदाबाद एयरपोर्ट शाम 5 बजे तक पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट में कुल 242 यात्री सवार थे। विमान में ब्रिटेन के 52 यात्री भी थे। अब तक इस विमान हादसे में 30 लोगों की मौत हो चुकी है। अस्पताल में 30 यात्रियों के शव लाए गए हैं. अभी पहचान करना बाकी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com