आज की ताजा खबर 7 अप्रैल LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

Aaj Ki Taza Khabar: पिछले छह हफ्ते से ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच जारी युद्ध अब आक्रमक होते जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को पूरी तरह से तबाह करने की चेतावनी दी है।
Breaking News
ब्रेकिंग न्यूज (कॉन्सेप्ट फोटो)

Breaking News: पिछले छह हफ्ते से ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच जारी युद्ध अब आक्रमक होते जा रहा है। जिस जंग को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चुटकियों में खत्म करने का दावा कर रहे थे, अब वे उसमें फंसते हुए नजर आ रहे हैं। ट्रंप ने ईरान को नया अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तय समय तक नहीं खोला गया, तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो ईरान के बिजली घरों और अहम ढांचे पर हमले किए जा सकते हैं। इसके जवाब में ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक उसे युद्ध में हुए नुकसान का मुआवजा नहीं मिलता, तब तक होर्मुज नहीं खोला जाएगा। 

मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर मनोज तिवारी

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर कहा कि हमने थोड़ी देर पहले पुलिस को शिकायत दी है। ये बहुत ही आपत्तिजनक बात है। आज कांग्रेस ने सीधा-सीधा यह आह्वान किया है कि इस देश में दंगे हों। वे साफ तौर पर बोल रहे हैं कि भाजपा और RSS के लोगों को जहरीला सांप समझकर मारो।

अजित पवार प्लेन क्रैश जांच पर रोहित पवार का बयान

अजित पवार प्लेन क्रैश जांच पर अपडेट के लिए महाराष्ट्र DG ऑफिस गए NCP MLA रोहित पवार ने कहा कि मैंने सेशन में साजिश का मुद्दा उठाया था, और मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक से केस CID को सौंप दिया जाएगा। आज हमने पूछा कि क्या वह ट्रांसफर हुआ। DGP ने कन्फर्म किया कि FIR भेजी गई थी, लेकिन महाराष्ट्र में इसे फॉर्मली एक्सेप्ट नहीं किया गया।

महिलाओं के लिए आरक्षण PM मोदी का सपना- कंगना रनौत

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि पीएम का सपना है कि महिलाओं के लिए आरक्षण लाया जाए। राजनीति में उन्हें बढ़ावा दिया जाए। उनका ये सपना पूरा होने जा रहा है जिसमें 33% आरक्षण महिलाओं को मिल रहा है। महिलाओं के लिए उत्साह की बात है। महिलाएं महिला होने की वजह से इस चीज में बहुत पीछे रह जाती हैं।

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने घोषणा पत्र जारी कर महिलाओं को 2000 रुपये मासिक, किसानों को 15 हजार सालाना, मुफ्त बिजली और युवाओं को रोजगार का वादा किया है।

असम में NDA को 90 से अधिक सीटें मिलेंगी- हिमंता बिस्वा सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि असम में NDA को 90 से अधिक सीटें मिलेंगी और भाजपा को 70 से ऊपर सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि आज तो वे (कांग्रेस नेता) लोग भाग रहे हैं। उन्होंने जो आरोप लगाए थे, तीनों सरकारों ने कह दिया कि ये फर्जी कागज थे। जिन्होंने आरोप लगाए थे वे खुद भाग रहे हैं। दो दिन के बाद अखिल गोगोई भी भागेंगे... हमें तो बड़ी मछली को पकड़ना है... हो सकता है कि ये कागज पवन खेड़ा को राहुल गांधी ने दिए होंगे। हमें तो वहां तक जाना है... कानून से कब तक कोई भाग सकता है?

मां कामाख्या मंदिर में नीता अंबानी ने की पूजा-अर्चना

रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर और चेयरपर्सन नीता अंबानी ने मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की।

मालदा में अधिकारियों को बंधक बनाने में TMC का हाथ- अधीर रंजन

बरहमपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यदि किसी जगह 16 घंटों तक किसी न्यायिक पदाधिकारी की घेराबंदी करके रखा जाए, उसमें एक महिला पदाधिकारी भी थी और यदि उसके पीछे TMC न हो तो बंगाल में ऐसा करने की हिम्मत किसी की हो सकती है क्या?... जो भी हुआ, उसके पीछे तृणमूल कांग्रेस पार्टी जरूर है।

असम में घुसपैठ कराना चाहते हैं राहुल गांधी- अमित शाह

असम के कछार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एक ओर पीएम नरेंद्र मोदी हैं जो पलायन रोकना चाहते हैं और दूसरी ओर राहुल बाबा हैं, जो घुसपैठ कराना चाहते हैं। असम के 7 जिले धुबरी, बरपेटा, दरांग, मोरीगांव, बोंगाईगांव, नौगांव और गोलपाड़ा, यह सभी मुस्लिम बहुल जिले बन चुके हैं। मैं आज असम की जनता से कहने आया हूं कि आपने गौरव गोगोई पर विश्वास किया तो फिर से असम में घुसपैठ शुरू हो जाएगी।

SIR के तहत घुसपैठियों को बाहर करना है- सम्राट चौधरी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि SIR के तहत सभी घुसपैठियों को बाहर करना है। हमने अभी तक 22 लाख लोगों के नाम कांटे हैं और उनका अनाज भी बंद किया है और आगे भी उनके ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर एक-एक उनके कार्ड बंद कर देंगे।

1 करोड़ 40 लाख ईरानी शहादत के लिए तैयार- मसूद पेजेशकियान

ईरान के राष्ट्रपति ने कहा कि देश के लिए लाखों लोग जान देने को तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद भी पहले से देश के लिए कुर्बानी देने को तैयार थे, अब भी हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने कहा कि 1 करोड़ 40 लाख ईरानी भी अपने देश के लिए शहादत देने को तैयार हैं।

“ममता सरकार में अराजकता”: बांसुरी स्वराज का हमला, बोलीं- आयुष्मान भारत लागू न होना बड़ा मुद्दा

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और प्रयासों के कारण देश तेजी से विकास कर रहा है, लेकिन पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार ने असुरक्षा और अराजकता का माहौल बना दिया है।

भोपाल में एसटीएफ कमांडो की मॉकड्रिल के दौरान हार्ट अटैक से मौत

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एनएसजी की एक मॉकड्रिल के दौरान कमांडो की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। उनकी मौत हार्ट अटैक के चलते हुई। जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय रावेंद्र भदौरिया उर्फ सोनू भदौरिया मॉकड्रिल में हिस्सा ले रहे थे, तभी उनकी अचानक हालत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। रावेंद्र भदौरिया रायसेन जिले के उदयपुरा के निवासी थे और 2011 बैच के एसएएफ के कांस्टेबल रह चुके थे। उन्होंने 2013 से एसटीएफ में सेवा शुरू की और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ निभाया।

बिहार में अवैध गैस रिफिलिंग के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, एलपीजी गैस से भरा कंटेनर और 54 गैस सिलेंडर बरामद

बिहार में एक ओर जहां रसोई गैस के लिए लोग परेशान दिख रहे हैं, वहीं सोमवार की देर रात मुजफ्फरपुर जिले में एलपीजी गैस की अवैध रिफलिंग करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। इस क्रम में गैस से भरा एक कंटेनर भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा को गुप्त सूचना मिली थी कि पुलिस ने मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार के पास एक बड़े अवैध रिफिलिंग का धंधा चल रहा है। इसी सूचना पर पुलिस ने डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। इस टीम में डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के साथ कांटी और मोतीपुर के थानाध्यक्षों सहित मोतीपुर के सर्किल इंस्पेक्टर को शामिल किया गया।

पवन खेड़ा पर कसा शिकंजा: सुबह-सुबह घर पहुंची दिल्ली और असम पुलिस

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोमवार सुबह दिल्ली और असम पुलिस की टीम उनके घर पहुंची, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

गुरु तेग बहादुर नहीं होते, तो न कोई हिंदू होता और न कोई सिख: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिख धर्म के नौवें गुरु, 'हिंद दी चादर' गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अगर गुरु तेग बहादुर जी नहीं होते तो न कोई हिंदू होता और न कोई सिख होता, पूरा भारत समाप्त हो जाता।

नागपुर में चप्पल बदलने पर हत्या, मामूली विवाद में 18 वर्षीय युवक की जान गई, 4 गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के रामटेक तालुका स्थित ‘सोना ब्रिक्स’ भट्ठे पर रविवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 18 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मंदिर के बाहर गलती से चप्पल बदलने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में जानलेवा बन गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

आंध्र प्रदेश की राजधानी घोषित हुआ अमरावती, सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जारी की अधिसूचना

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती को राज्य की राजधानी के रूप में आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। उन्होंने गजट अधिसूचना साझा करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। सरकार के इस कदम को राज्य के प्रशासनिक ढांचे को स्थिर करने की दिशा में बड़ा फैसला माना जा रहा है।

“कांग्रेस का नहीं था कोई वजूद”, दिलीप घोष का तंज, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर खड़गपुर सदर सीट से बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अब तक कांग्रेस का कोई वजूद ही नजर नहीं आ रहा था और वह सिर्फ आंतरिक कलह में उलझी हुई थी। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए दिलीप घोष ने कहा कि वह हर जगह जाते हैं, लेकिन उनके दौरे के नतीजे क्या होते हैं, यह सभी जानते हैं।

मणिपुर के बिष्णुपुर में विस्फोट, दो बच्चों की मौके पर मौत

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में स्थित ट्रोंगलाओबी अवांग लेइकाई में मंगलवार तड़के बम विस्फोट में दो बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, विस्फोट एक घर के अंदर हुआ, जहां एक महिला और उसके दो बच्चे सो रहे थे। विस्फोट में 5 वर्षीय लड़के और उसकी 5 महीने की बहन की मौके पर ही मौत हो गई। मां को मामूली चोटें आईं हैं। इस हमले को कुकी उग्रवादियों द्वारा अंजाम दिए जाने का संदेह है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।

एयर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन का इस्तीफा, कंपनी में बड़े बदलाव के संकेत

एयर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद कंपनी में बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। फिलहाल इस्तीफे के पीछे की वजहों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।

7 अप्रैल शाम से थमेगा चुनाव प्रचार

मतदान का दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, राज्य में मंगलवार (7 अप्रैल) शाम से 48 घंटे की कड़ी निगरानी वाली 'शांत अवधि' शुरू होगी, क्योंकि अधिकारी एक स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहे हैं। केरल में गुरुवार को 140 नए विधायकों के चुनाव के लिए मतदान होगा और वोटों की गिनती 4 मई को होगी।

बंगाल चुनाव: नामांकन के दौरान 'पक्षपातपूर्ण भूमिका' निभाने के आरोप में नैहाटी थाना प्रभारी सस्पेंड

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत नैहाटी पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है। थाना प्रभारी पर आरोप है कि वे नामांकन प्रक्रिया के दौरान नैहाटी नगरपालिका के चेयरमैन को एसडीओ ऑफिस ले गए थे। चुनाव आयोग के एक अंदरूनी सूत्र ने सोमवार को यह जानकारी दी। चुनाव आयोग का यह कदम तब उठाया जब भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने इस घटना को उजागर किया और सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए पोल पैनल से कार्रवाई करने की अपील की।

Navbharat Live
navbharatlive.com