आज की ताजा खबर 21 नवंबर: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

Aaj Ki Taza Khabar LIVE Update: बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 285.28 अंक की गिरावट के साथ 85,347.40 अंक पर और एनएसई निफ्टी 82.6 अंक फिसलकर 26,109.55 अंक पर आ गया।
Breaking News
ब्रेकिंग न्यूज (कॉन्सेप्ट फोटो)

Aaj Ki Taza Khabar LIVE: केरल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मौजूदा एसआईआर प्रक्रिया को स्थगित करने की मांग की है। सरकार का कहना है कि जिस तरह से इसे चलाया जा रहा है। वो देश के लोकतांत्रिक ढांचे और राजनीति के लिए अनुकूल नहीं है। राज्य सरकार ने चेतावनी दी है कि अगर दिसंबर में स्थानीय निकाय चुनावों के साथ-साथ इस प्रकिया को जारी रखने की अनुमति दी गई तो प्रशासनिक गतिरोध पैदा हो सकता है। मुख्य सचिव डॉ. ए. जयतिलक ने सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। वहीं इसके अलावा जेपी नड्डा मणिपुर जाएंगे। इसके अलावा देश और दुनिया की ताज़ातरीन ख़बरों को पाने के लिए आप हमारे इस लाइव ब्लॉग पर बनें रहें और स्क्रॉल करते रहें…

बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली के बाद अब असम की बारी

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य में उनका विकास मॉडल पूरी तरह सफल होगा। उन्होंने दावा किया कि असम में उनकी पार्टी को बड़ी जीत मिलेगी। सरमा ने कहा कि बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली में जीत हासिल करने के बाद अब बारी असम की है।

दुबई एयर शो विंग कमांडर नमांश स्याल हुए शहीद

दुबई एयर शो में हुए विमान दुर्घटना में विंग कमांडर नमांश स्याल ने अपनी जान गंवा दी। एयर शो के दौरान वे जिस तेजस विमान को उड़ा रहे थे, वह अचानक क्रैश हो गया। हादसे के बाद वायुसेना ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

जोहान्सबर्ग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत

दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग स्थित होटल में पहुंचते ही भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का उत्साहपूर्ण स्वागत किया। पीएम मोदी यहां होने वाले 20वें G20 लीडर्स समिट में भाग लेंगे।

LOC के पास आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़

जम्मू-कश्मीर के नौगाम सेक्टर में एलओसी के नजदीक सुरक्षाबलों ने आतंकियों के एक छिपे हुए ठिकाने का पर्दाफाश किया है। तलाशी अभियान के दौरान वहां से M-सीरीज की दो राइफलें, चार मैगज़ीन, दो पिस्टल, दो ग्रेनेड और कई कारतूस बरामद किए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साउथ अफ्रीका पहुंचे

दो दिवसीय दौरे पर G20 समिट में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका पहुंच गए हैं।

सम्राट चौधरी बने बिहार के गृह मंत्री

बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण के तुरंत बाद मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी तय कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के बीच करीब 30 मिनट चली बैठक के बाद सभी विभागों की अंतिम सूची राज्यपाल को भेज दी गई। नई कैबिनेट में सम्राट चौधरी को गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गोरखपुर के गीडा में ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग

गोरखपुर के गीडा क्षेत्र स्थित ब्रान ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 18 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास जारी है।

दुबई एयर शो हादसे में पायलट की मौत

दुबई एयर शो में प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार दोपहर को तेजस विमान क्रैश हो गया। मिल रही खबर के अनुसार, इस विमान हादसे में पायलट की मौत हो गई है।

दुबई एयर शो में बड़ा हादसा

दुबई एयर शो में फ्लाइंग डिस्प्ले के दौरान एक विमान हादसे का शिकार हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, धरती से टकराते ही विमान में भीषण आग भड़क उठी।

क्रिकेटर गौतम गंभीर को दिल्ली हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत

दिल्ली हाई कोर्ट ने भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, उनकी संस्था और उनके परिवार के खिलाफ कोविड की दूसरी लहर के दौरान दवाएं जमा करने और बिना लाइसेंस बांटने के आरोपों से जुड़ी आपराधिक शिकायत को खारिज कर दिया है। जस्टिस नीना बंसल कृष्णा ने आदेश देते हुए कहा कि यह शिकायत समाप्त की जाती है।

सोनभद्र खदान हादसे की जांच SIT करेगी

सोनभद्र के ओबरा खनन क्षेत्र में हुए भीषण हादसे पर अब कार्रवाई की तैयारीयां तेज हो गई है। इस हादसे की जांच SIT करेगी। घटना के दौरान 7 मजदूरों की मौत हो गई थी।

राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उपखंड क्षेत्र के डूंगरपुर इंटरचेंज के पास शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। उन्नाव से मुंबई की तरफ जा रहा कंटेनर अचानक सड़क किनारे लगे एलईडी पोल से टकराया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटते ही कंटेनर में आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते पूरे वाहन में फैल गई। हादसे में चालक आग की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सोनिया और राहुल को सिख परिवारों के दर्द महसूस क्यों नहीं होते- गौरव भाटिया

भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी जख्मों पर मरहम लगाने का काम करते हैं तो कांग्रेस सिख परिवारों के पुराने जख्मों पर नमक-मिर्च डालने का काम करती है। उन्होंने आगे कहा कि सिख परिवारों के दर्द को सोनिया गांधी और राहुल गांधी महसूस क्यों नहीं कर पाते हैं?

गोधरा में घर में आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की दम घुटने से मौत

गुजरात के गोधरा शहर में एक घर में आग लगने के बाद धुएं में दम घुटने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना गंगोत्री नगर में बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात को हुयी। उन्होंने बताया कि मरने वालों की पहचान जौहरी कमल दोशी (50), उनकी पत्नी देवलबेन (45), और उनके बेटे देव (24) और राज (22) के तौर पर हुयी है।

लोजपा (रामविलास) अपना स्थापना दिवस भव्य तरीके से मनाएगी

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने शुक्रवार को कहा कि 28 नवंबर को पार्टी का स्थापना दिवस यहां भव्य तरीके से मनाया जाएगा और अगले साल जनवरी 2026 में पार्टी पूरे राज्य में यात्रा शुरू करेगी। पटना में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि वर्ष 2009 पार्टी के लिए सबसे कठिन समय था, लेकिन 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में उनके दल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने मजबूत उपस्थिति दर्ज की है।

स्टार्क के सात विकेट से आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 172 रन पर समेटा

मिचेल स्टार्क के सात विकेट की मदद से आस्ट्रेलिया ने पहले एशेज टेस्ट के पहले दिन शुक्रवार को टॉस हारने के बावजूद इंग्लैंड को 172 रन पर आउट कर दिया । स्टार्क ने पहले ओवर में विकेट लेकर आस्ट्रेलिया का दबदबा बना दिया । उन्होंने छठी गेंद पर जाक क्राउली को स्लिप में उस्मान ख्वाजा के हाथों लपकवाया । पहले पांच ओवर में स्टार्क ने तीन विकेट चटकाये । लंच तक स्कोर चार विकेट पर 105 रन था । इंग्लैंड ने लंच के बाद छह विकेट 67 रन के भीतर गंवा दिये ।

अमेरिका ने ईरान के पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री में शामिल भारतीय संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने भारत की उन संस्थाओं और व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाए हैं जो ईरान के पेट्रोलियम और पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री में शामिल हैं। अमेरिका के विदेश और वित्त मंत्रालयों ने उन ‘शिपिंग नेटवर्क' पर प्रतिबंध लगाए हैं जो ईरानी शासन की ‘‘दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों'' को अवैध तेल बिक्री के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान करते हैं। साथ ही उन एयरलाइंस और उनसे जुड़ी कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाए हैं, जो ईरान समर्थित आतंकी संगठनों को हथियार और आपूर्ति भेजती हैं। इस प्रतिबंध सूची में जिन भारतीय नागरिकों और कंपनियों को शामिल किया गया है उनमें जैर हुसैन इकबाल हुसैन सैय्यद, जु़ल्फिकार हुसैन रिजवी सैय्यद, महाराष्ट्र स्थित ‘आरएन शिप मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड' और पुणे स्थित ‘टीआर6 पेट्रो इंडिया एलएलपी' शामिल हैं।

ईडी ने कोयला माफिया के खिलाफ झारखंड, पश्चिम बंगाल में छापे मारे

ईडी ने शुक्रवार को झारखंड और पश्चिम बंगाल में कोयला माफिया के खिलाफ धन शोधन मामले में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। अधिकारियों यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे शुरू की गई छापेमारी में 40 से अधिक परिसरों की तलाशी ली जा रही है, जिसमें संघीय जांच एजेंसी के लगभग 100 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। केंद्रीय सुरक्षा बलों के दलों ने ईडी टीम को सुरक्षा प्रदान की, जिन्होंने टोल संग्रह बूथों और नाकेबंदी के अलावा आवासों और कार्यालयों की तलाशी ली। उन्होंने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत तलाशी ली जा रही है। ईडी दलों ने कुछ स्थानों से नकदी और सोने के आभूषण भी जब्त किए हैं। एजेंसी झारखंड में कोयला चोरी और तस्करी से संबंधित जांच के तहत लगभग 18 स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

बांग्लादेश में 5.7 तीव्रता का भूकंप आया, पश्चिम बंगाल में भी महसूए किए गए झटके

बांग्लादेश के नरसिंगडी में शुक्रवार सुबह 5.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई स्थानों पर महसूस किए गए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि भूकंप पड़ोसी देश के नरसिंगडी से 13 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में सुबह 10 बजकर आठ मिनट पर आया और इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था। कोलकाता और अन्य जिलों में कई लोग एहतियात के तौर पर सड़कों पर निकल आए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। पुजारियों के साथ राष्ट्रपति मंदिर में दाखिल हुईं और ध्वजस्तंभ पर प्रार्थना की। राष्ट्रपति बृहस्पतिवार शाम तिरुपति जिले के तिरुचनूर स्थित श्री पद्मावती मंदिर पहुंची थीं, जिसके बाद उन्होंने तिरुमला में दर्शन किए। श्री पद्मावती मंदिर में पूजा के बाद पुजारियों ने उन्हें आशीर्वाद मंडपम में ‘शेष वस्त्रम' और मंदिर का प्रसाद प्रदान किया। वहां उन्हें देवी की तस्वीर भी भेंट की गई। दुनिया के सबसे धनवान हिंदू मंदिर, भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर का आधिकारिक प्रबंधन तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) करता है।

आरएसएस के दखल से मणिपुर संकट नहीं सुलझेगा: कांग्रेस

कांग्रेस की मणिपुर इकाई के अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र सिंह ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के दखल से राज्य का संकट हल नहीं होगा, क्योंकि इसके लिए सरकार की अगुवाई में राजनीतिक समाधान और विश्वास बहाली के उपाय जरूरी हैं। आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत के तीन दिवसीय मणिपुर दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि कोई भी दौरा जो लोगों की तकलीफों के बजाय “संगठन को मजबूत करने” को प्राथमिकता देता है, वह गलत संदेश देता है।

भूकंप से दहला कोलकाता

भारत के पश्चिम बंगाल राज्य में आज भूकंप के झटकों से दहल गया। बंगाल के कई जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। जानकारी के मुताबिक बांग्लादेश में शुक्रवार सुबह टुंगी के पूर्व में लगभग 27 किलोमीटर दूर भूकंप के झटके महसूस किए गए। स्थानीय समयानुसार ये भूकंप सुबह 10:28:30 बजे आए। यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के मुताबिक, भूकंप के बाद कई इलाकों से हल्के झटके की जानकारी मिली है।

सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट

वैश्विक बाजारों के कमजोर रुझानों के बीच दो दिनों की तेजी के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 285.28 अंक की गिरावट के साथ 85,347.40 अंक पर और एनएसई निफ्टी 82.6 अंक फिसलकर 26,109.55 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से आईसीआईसीआई बैंक, इटर्नल, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील और पावर ग्रिड के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, टाइटन और एशियन पेंट्स के शेयर में तेजी रही।

रुपया शुरुआती कारोबार में पांच पैसे की बढ़त के साथ 88.63 प्रति डॉलर पर

वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और घरेलू शेयर बाजारों में विदेशी पूंजी निवेश के बीच रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में पांच पैसे की मामूली बढ़त के साथ 88.63 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 88.67 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती कारोबार में कुछ बढ़त के साथ 88.63 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से पांच पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया बृहस्पतिवार को 20 पैसे की गिरावट के साथ 88.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मैक्सिको की फातिमा बनीं मिस यूनिवर्स 2025

21 नवंबर को थाईलैंड के बैंकॉक में साल 2025 की मिस यूनिवर्स का फिनाले हो रहा है जो भारतीय समयानुसार सुबह 6:30 बजे शुरू हुआ। जानकारी के मुताबिक, मिस मेक्सिको को मिस यूनिवर्स का खिताब मिला है। इसके साथ ही चौथा उपविजेता: कोटे डी आइवर फर्स्ट रनरअप थाईलैंड, सेकेंड रनरअप वेनेजुएला और थर्ड रनरअप फिलीपींस रहा।

ब्राजील: COP30 क्लाइमेट समिट के वेन्यू में लगी आग, जान बचाकर भागे डेलिगेट्स

ब्राजील के बेलेम में जारी संयुक्त राष्ट्र सीओपी30 जलवायु सम्मेलन के मुख्य आयोजन स्थल पर बृहस्पतिवार को आग लग गई, जिसके बाद हजारों लोगों को वहां से भागना पड़ा। घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई जानकारी नहीं है। दर्जनों एंबुलेंस घटनास्थल पर हैं वहीं दमकल गाड़ियां भी लगातार पहुंच रही हैं। आग दोपहर करीब दो बजे (स्थानीय समयानुसार) ‘ब्लू जोन' में लगी, जहां सभी बैठकें, वार्ताएं होती हैं और देश-वार पवेलियन, मीडिया सेंटर व सभी उच्च-स्तरीय प्रतिनिधियों के कार्यालय हैं। जलवायु परिवर्तन संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन (यूएनएफसीसीसी) सचिवालय ने एक तत्काल परामर्श जारी किया और सभी लोगों से कार्यक्रम स्थल खाली करने की अपील की।

जेपी नड्डा आज जाएंगे मणिपुर, मोहन भागवत भी रहेंगे मौजूद

जेपी नड्डा आज मणिपुर का दौरा करेंगे। वहीं इस दौरान मोहन भागवत भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत मई 2023 में जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद यह उनका राज्य का पहला दौरा होगा। अपने दौरे के दौरान, सरसंघचालक कई सामुदायिक संगठनों और अलग-अलग समूहों से मिलेंगे। इसे हिंदू बहुल मैतेई समुदाय और आदिवासी ईसाई कुकी-जो समुदायों के बीच सुलह कराने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

संबंधित खबरें

No stories found.
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com