पहाड़ों पर 'सफेद आफत' तो मैदानों में बारिश के साथ बर्फीली हवाएं, अगले 48 घंटे हैं भारी, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Update: पहाड़ों पर भारी बर्फबारी ने मैदानी इलाकों का मौसम भी बदल दिया है। जम्मू कश्मीर से लेकर हिमाचल और उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी हो रही है।
imd rainfall alert western disturbance
फाइल फोटो
Published on
Updated on

Aaj Ka Mausam: पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ नजर आने लगा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हिमपात जारी है। वहीं, जहां मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर कमजोर पड़ती दिख रही थी, वहां इस बर्फबारी ने एक बार फिर ठंड बढ़ा दी है। देश की राजधानी दिल्ली में हुई बारिश से AQI में हल्का सुधार जरूर हुआ है, लेकिन ठंड और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने गंभीर अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार 27 और 28 जनवरी को मौसम अपना रौद्र रूप दिखा सकता है। इसकी मुख्य वजह एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बताया जा रहा है, जिसने पूरे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले लिया है। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका से चिंता बढ़ गई है। कई राज्यों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे ठंड फिर से जानलेवा साबित हो सकती है। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अगले 48 घंटे बेहद अहम हैं।

5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD ने आने वाले कुछ घंटों में पांच राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और पुडुचेरी शामिल हैं। 27 और 28 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

उत्तर भारत के कई जिलों में शीतलहर

उत्तर भारत में एक बार फिर शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, रायबरेली, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, रामपुर, बिजनौर समेत कई जिलों में सुबह के समय कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। हरियाणा के गुरुग्राम और सोनीपत में भी सर्द हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। वहीं पंजाब के अमृतसर, जालंधर, बठिंडा, पटियाला और मोहाली में 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं।

दिल्लीवालों की  फिर बढ़ सकती है परेशानी

दिल्लीवासियों की मुश्किलें अभी खत्म होती नहीं दिख रही हैं। IMD के मुताबिक 27 जनवरी को राजधानी में एक बार फिर बारिश हो सकती है। सुबह और शाम ठंडी हवाएं चलेंगी। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश से AQI में थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन ठंड ने जनजीवन प्रभावित किया है।

यूपी में बारिश और आंधी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में 27 और 28 जनवरी को मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद, कानपुर, लखनऊ और पीलीभीत में मौसम बिगड़ सकता है। तापमान में गिरावट के साथ ठंड और तेज हो जाएगी।

बिहार में कोहरा और ठंड

बिहार में अगले 24 घंटे चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। पटना, सारण, भोजपुर, गया और चंपारण में बादल छाए रहेंगे। पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और कटिहार में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। सुबह के समय शीतलहर का असर जनजीवन पर पड़ेगा।

उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी

उत्तराखंड में 27 से 28 जनवरी के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और पिथौरागढ़ में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू और कांगड़ा में भारी बारिश और हिमपात के आसार हैं। मनाली में तापमान माइनस 12 डिग्री तक पहुंच सकता है।

जम्मू-कश्मीर में 48 घंटे का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर में 27 जनवरी से लगातार 48 घंटे तक बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। श्रीनगर, गुलमर्ग, पुंछ और रियासी में तेज हवाओं के साथ मौसम बेहद खराब रह सकता है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन अगले 48 घंटों में कुछ इलाकों में बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबह और शाम ठंडी हवाएं चलेंगी और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com