राजस्थान में फ्लाईओवर की दीवार से टकराई बस, भीषण हादसे में 12 लोगों की मौत, 30 घायल

हादसा उस वक्त हुए जब सालासर से आ रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के नीचे दीवार से टकरा गई। इस बस में सवार अधिकांश यात्री स्थानीय बताए जा रहे हैं जो सालासर से लक्ष्मणगढ़ जा रहे थे।
राजस्थान के लक्ष्मणगढ़ में निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 12 लोगों की मौत,
(फोटो सोर्स एएनआई)
Published on
Updated on

जयपुर : राजस्थान के सीकर जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और लगभग 30 लोग घायल हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना लक्ष्मणगढ़ में आज मंगलवार को अपराह्न करीब दो बजे के आस-पास हुई। हादसा उस वक्त हुए जब सालासर से आ रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के नीचे दीवार से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि इससे बस के चालक की तरफ वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस बस में सवार अधिकांश यात्री स्थानीय बताए जा रहे हैं जो सालासर से लक्ष्मणगढ़ जा रहे थे।

जयपुर रेफर किए गए कई घायल

घटना को लेकर सीकर के पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने बताया हादस में 12 लोगों की मौत हो गई है। घायल हुए लोगों में से कुछ को जयपुर रेफर किया गया है और बाकी का स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज करने में लगी हुई है और प्रशासन ने भी तमाम व्यवस्थाएं की हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान करके उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

तेज गति बना हादसा का कारण

जिला पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव से मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय निजी बस सालासर से लक्ष्मणगढ़ की ओर आ रही थी। इस दौरान बस को फ्लाईओवर के पास से मुड़ना था लेकिन संभवत: तेज गति के कारण चालक बस को मोड़ नहीं पाया और चालक की तरफ वाला हिस्सा फ्लाईओवर की दीवार से जा टकराया। यह हादसा इतना भीषण था कि बस का एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह तहस नहस हो गया। मृतकों की पहचान विनीता (32), सीमा (22), किरण कंवर, कमला (35), बनारसी (55), आदित्य (16) तथा प्रमोद सिंह (35) के तौर पर की गई है।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

वहीं, इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शोक जताते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ‘‘सीकर के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में बस दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी गहरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिवारजनों के साथ हैं।'' उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।''

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं लक्ष्मणगढ़ से विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने भी हादसे को लेकर गहरा दुख प्रकट किया। 'एक्स' पर पोस्ट कर उन्होंने कहा, ‘‘लक्ष्मणगढ़ में भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत का हृदयविदारक समाचार सुनकर आहत हूं। दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।'' उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटना संज्ञान में आते ही घायलों के त्वरित उपचार एवं हर संभव सहायता के लिए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से बात की है।''

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com