हिमाचल : निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे से खाली हुई 3 सीटों पर 10 जुलाई को होगा उपचुनाव

हिमाचल प्रदेश में तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे के बाद खाली हुईं सीटों पर 10 जुलाई को मतदान होगा। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, उपचुनाव के लिए अधिसूचना 14 जून को जारी होगी और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 जून होगी।
Himachal By-elections on 3 seats,, Himachal By-elections on July 10
प्रतिकात्मक तस्वीर (सौजन्य सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

शिमला : हिमाचल प्रदेश में तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे के बाद खाली हुईं विधानसभा की तीन सीटों पर 10 जुलाई को मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने सोमवार को इससे संबंधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। कांग्रेस के छह विधायकों सहित इन तीन निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा (हमीरपुर), होशियार सिंह (देहरा) और केएल ठाकुर (नालागढ़) ने 22 मार्च को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के अगले दिन ये सभी भाजपा में शामिल हो गए थे।

विधानसभा अध्यक्ष ने तीन जून को इन तीनों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। ऐसी अटकलें हैं कि भारतीय जनता पार्टी इन तीनों को उनकी संबंधित सीट से चुनाव मैदान में उतार सकती है। कांग्रेस के छह विधायकों सहित निर्दलीय शर्मा, सिंह और ठाकुर उन नौ विधायकों में शामिल थे जिन्होंने 27 फरवरी के राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन को वोट दिया था।

6 विधानसभा सीट में से कांग्रेस ने चार सीट बरकरार रखीं

सदन में उपस्थित रहने और सरकार के पक्ष में मतदान करने से संबंधित पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने पर छह कांग्रेस विधायकों को विधानसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। बाद में, वे भाजपा में शामिल हो गए थे जिसने उन्हें उनकी संबंधित सीट पर हुए चुनाव में उतारा था। लोकसभा चुनाव के साथ छह विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने चार सीट बरकरार रखीं और दो सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की। उपचुनाव के बाद 68 सदस्यीय सदन में वर्तमान में 65 विधायक हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस के पास 38 विधायक हैं जबकि भाजपा के पास 27 विधायक हैं।

मतों की गिनती 13 जुलाई को

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, उपचुनाव के लिए अधिसूचना 14 जून को जारी होगी और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 जून होगी। नामांकन पत्रों की जांच 24 जून को की जाएगी जबकि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 26 जून है। मतों की गिनती 13 जुलाई को होगी।

'निर्दलीय विधायकों को इस्तीफा देने की जरूरत नहीं थी'

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि निर्दलीय विधायक सदन में किसी भी पार्टी का समर्थन कर सकते हैं और उन्हें इस्तीफा देने की कोई जरूरत नहीं थी। मुख्यमंत्री ने कहा निर्दलीय विधायक पांच साल के लिए चुने गए थे लेकिन 14 महीने के भीतर ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया। अब राज्य की जनता उनके भाग्य का फैसला करेगी। इस बीच, एक संबंधित घटनाक्रम में कांग्रेस ने अपनी हमीरपुर ब्लॉक इकाई को भंग कर दिया है और जल्द ही इसका पुनर्गठन किया जाएगा। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com