हरियाणा : फिरौती के लिए बच्चे का अपहरण, हत्या कर नहर में फेंका शव, गिरफ्तार

हरियाणा में 13 साल के बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक दवा दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कर्ज में डूबे आरोपी ने फिरौती के लिए बच्चे का अपहरण किया था।
Child kidnapped and murdered for ransom in Haryana
प्रतिकात्मक तस्वीर
Published on
Updated on

फरीदाबाद : हरियाणा के बल्लगढ़ में कथित रूप से एक बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर देने को लेकर एक दवा दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कर्ज में डूबे आरोपी ने फिरौती के लिए बच्चे का अपहरण किया था।

घटना को लेकर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामला बल्लभगढ़ का है। यहां के सेक्टर 62 आशियाना फ्लैट में किराने की दुकान चलाने वाले उमेश चंद का 13 वर्षीय बेटा कुश 13 जून को शाम करीब सात बजे पड़ोस की एक दुकान से बर्फ लाने के लिए साइकिल से निकला था। काफी देर बाद जब वह नहीं लौटा तो उसकी मां प्रियंका उसे खोजने लगी, लेकिन कुश का आस-पास कहीं कुछ पता नहीं चला।

आरोपी की छत पर मिली बच्चे की साइकिल

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बच्चे के गुम होने की जानकारी मिलने पर नजदीक ही दवा की दुकान चलाने वाला विशाल नाम का शख्स बच्चे की तलाश में परिवार का साथ देने लगा। काफी तलाश करने के बाद बच्चे की साइकिल उसके माता-पिता को विशाल के घर की छत पर मिली। तब सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बच्चे के माता-पिता एवं अन्य पड़ोसियों को विशाल पर शक हुआ और उन्होंने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।

नशे के इंजेक्शन में डोज ज्यादा होने से हुई मौत

इस मामले को लेकर आदर्श नगर थाने के प्रभारी कृष्ण ने बताया कि बच्चे के परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस पूछताछ में आरोपी विशाल ने बताया कि बच्चे को बेहोश करने के लिए उसने बच्चे को नशे का इंजेक्शन दिया था, लेकिन डोज ज्यादा होने से उसकी मौत हो गई। विशाल ने पुलिस को बताया कि इसके बाद उसने ठिकाने लगाने के लिए बच्चे के शव को नहर में फेंक दिया लेकिन शव नहर में बहने की बजाय वहीं झाडिय़ों में फंस गया।

फिरौती के लिये किया अपहरण

बच्चे के अपहरण करने के कारणों के लेकर पुलिस को आरोपी ने बताया कि कर्ज में डूबे होने के कारण फिरौती के लिए उसने बच्चे का अपहरण किया था। इसके बाद उसे बेहोश करने के लिए नशीला इंजेक्शन लगा दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी विशाल की निशानदेही पर बच्चे के शव को बरामद कर लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com