

अहमदाबाद: अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 गुरुवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस फ्लाइट में कुल 242 लोग सवार थे जिनमें विजय रूपाणी भी शामिल थे। विमान दुर्घटना में उनकी मौत हो गई है। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, विमान दुर्घटना में 200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के महज 5 मिनट बाद ही 'मेडे' सिग्नल भेजते हुए मेघनानी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद विमान में भीषण आग लग गई और पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में उड़ान भरने के तुरंत बाद ही गंभीर तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी। दुर्घटना से पहले पायलट का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया था।
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट की पैसेंजर लिस्ट में सीट नंबर 2डी पर विजय रूपाणी का नाम दर्ज है। पुलिस अधिकारियों ने विजय रूपाणी की मौत की पुष्टि की है। इस बीच अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने पुष्टि की है कि विमान दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 200 से अधिक है।
विजय भाई रमणिकलाल रूपाणी का जन्म 2 अगस्त 1956 को म्यांमार में हुआ था। 2016 में जब आनंदीबेन पटेल ने इस्तीफा दिया तो विजय रूपाणी को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया। अगले साल 2017 में जब गुजरात में बीजेपी ने चुनाव जीता तो विजय रूपाणी को फिर से मुख्यमंत्री बनाया गया। उन्हें शांत छवि वाला नेता माना जाता है। Ahmedabad Plane Crash में विजय रुपाणी की मौत, हादसे से चंद मिनट पहले की तस्वीर आई सामने
विजय रूपाणी के राजनीतिक करियर की बात करें तो वे 1998 में राजकोट के मेयर चुने गए। 2006 में वे राज्यसभा सांसद बने। 2014 में उन्होंने राजकोट पश्चिम से विधायक की सीट जीती। 2016 से 2021 तक रूपाणी गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। रूपाणी की छवि एक शांत, संगठन-उन्मुख और विवाद-मुक्त नेता की है।