सोमनाथ स्वाभिमान पर्व PM मोदी ने किए ज्योतिर्लिंग के दर्शन; 3000 ड्रोन्स के शो ने उकेरा गौरवशाली इतिहास

Somnath Swabhiman Parv: पीएम नरेंद्र मोदी ने गुजरात के गिर सोमनाथ में 'स्वाभिमान पर्व' में हिस्सा लिया। उन्होंने ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए, मंदिर ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता की और ड्रोन शो देखा।
narendra modi somnath visit
PM मोदी ने किए ज्योतिर्लिंग के दर्शन, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

PM Modi Somnath Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात के गिर सोमनाथ पहुंचे, जहाँ उन्होंने सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और 1000 सेकंड तक 'ओंकार' मंत्र का जाप किया। यह यात्रा 1026 ईस्वी में मंदिर पर हुए पहले हमले की 1000वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के दौरान हो रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने 1000 सेकंड तक ओंकार मंत्र का जाप किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर 'ॐ' के महत्व को बताते हुए लिखा कि यह वेदों, शास्त्रों और उपनिषदों का सार है तथा योग और साधना का आधार है। मंदिर परिसर में इस पर्व के तहत 72 घंटे तक लगातार 'ओम' का जाप किया जा रहा है, जिसमें देश भर से आए सैकड़ों संत हिस्सा ले रहे हैं।

ट्रस्ट की बैठक और विकास की समीक्षा

मंदिर दर्शन से पहले पीएम मोदी ने सर्किट हाउस में सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में मंदिर परिसर के बुनियादी ढांचे (Infrastructure) को और बेहतर बनाने और तीर्थयात्रियों के अनुभव को और अधिक स्मरणीय बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ने इसे अपनी सभ्यतागत वीरता का गौरवशाली प्रतीक बताया और भव्य स्वागत के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।

आसमान में दिखा इतिहास: 3,000 ड्रोन्स का कमाल

शनिवार देर शाम अरब सागर के तट पर एक भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। करीब 3,000 ड्रोन्स की मदद से आसमान में त्रिशूल, ओम, भगवान शिव का तांडव, वीर हमीरजी, अहिल्याबाई होल्कर और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसी भव्य आकृतियां बनाई गईं। 15 मिनट तक चले इस शो में सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमण के दृश्यों को भी दर्शाया गया। इसे 40 प्रशिक्षित ऑपरेटरों ने संचालित किया, जिसे प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंदिर प्रांगण से देखा।

आगामी कार्यक्रम: शौर्य यात्रा और जनसभा

प्रधानमंत्री का सोमनाथ दौरा रविवार (11 जनवरी) को भी जारी रहेगा। सुबह करीब 9:45 बजे वे शौर्य यात्रा में शामिल होंगे, जिसमें 108 घोड़ों का प्रतीकात्मक जुलूस निकाला जाएगा। इसके पश्चात वे पुनः मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और करीब 11 बजे एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com