

अहमदाबाद: अहमदाबाद विमान हादसेमें मारे गए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का अंतिम संस्कार आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। रुपाणी के अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल जैसे भाजपा के बड़े नेता शामिल होंगे।
रविवार को विजय रुपाणी के शव की डीएनए सैंपलिंग के जरिए हुई थी। इसके बाद उनके शव को चार्टर्ड प्लेन से राजकोट ले जाया जाएगा। यहां आज उनका अंतिम संस्कार शाम को 5 बजे किया जाएगा। इससे पहले उनके शव को पुजित सोसाइटी में रखा गया है, जहां उनके परिवार, समर्थक और स्थानीय लोग अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान की भीषण दुर्घटना में 270 लोगों की मौत के चार दिन बाद, अब तक डीएनए मिलान के माध्यम से 87 मृतकों की पहचान कर ली गई है और 47 लोगों के शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। मृतकों की पहचान करने के लिए डीएनए परीक्षण कियाकी जा रही है क्योंकि 12 जून को विमान दुर्घटना में कई लोग इतनी बुरी तरह जल गए थे कि उनके शव पहचाने नहीं जा सके।
अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉ. रजनीश पटेल ने संवाददाताओं को बताया, अब तक, 87 डीएनए नमूनों का मिलान किया गया है, और 47 लोगों के शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। ये मृतक गुजरात के विभिन्न हिस्सों, जैसे भरूच, आनंद, जूनागढ़, भावनगर, वडोदरा, खेड़ा, मेहसाणा, अरवल्ली और अहमदाबाद जिलों के रहने वाले थे।
12 जून को दोपहर करीब 1.30 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में जाकर क्रैश हो गया था। लंदन जाने वाले इस विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया। दुर्घटना में 29 अन्य लोगों के मारे जाने की भी खबर है, जिनमें पांच एमबीबीएस छात्र शामिल थे।
(एजेंसी इनपुट के साथ)