अमित शाह का आज से गुजरात दौरा शुरू, गांधीनगर और अहमदाबाद को देंगे करोड़ों की सौगात, BJP ऑफिस में विशेष बैठक

Amit Shah Gujarat Visit Update: अमित शाह आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। इस दौरान वो गांधीनगर और अहमदाबाद में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही संगठन के साथ बैठक करेंगे।
Amit Shah begins his Gujarat visit today; to unveil projects worth crores for Gandhinagar and Ahmedabad; special meeting at the BJP office.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Gandhinagar Ahmedabad Development Projects: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समय पाकिस्तान-बांग्लादेश के सीमावर्ती राज्यों में दौरे पर हैं। राजस्थान प्रवास के दौरान शाह ने बीएसएफ के जवानों संग बैठक किए साथ ही कई घोषणाएं भी की। इसी क्रम में गृह मंत्री अब गुरुवार से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र और अहमदाबाद में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही संगठनात्मक और समीक्षा बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।

गांधीनगर से दौरे की शुरुआत

गांधीनगर से सांसद अमित शाह गुरुवार को विभिन्न स्थानों पर विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होकर अपने दौरे की शुरुआत करेंगे। वडसर में वह आनंदम परिवार सीएसआर फंड के तहत विकसित किए गए नए जेडवा तालाब का उद्घाटन करेंगे। इसी के साथ ही जलुंद और सरधव में, वह टोयोटा किर्लोस्कर मोटर्स लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत बनाई गई नई लाइब्रेरी का भी उद्घाटन करेंगे।

खटराज में अमित शाह अरविंद फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे झील सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वह नवनिर्मित ग्राम पंचायत कार्यालय का उद्घाटन भी करेंगे। इसके बाद वह मोटी भोयान में पे सेंटर प्राइमरी स्कूल का उद्घाटन करेंगे।

कर्यकर्ताओं संग करेंगे भोजन

गृहमंत्री शाह सोनीपुर गांव और कलोल एवं गांधीनगर उत्तर विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। सोनीपुर दौरे के दौरान अमित शाह पूर्व सरपंच और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता गांदाजी ठाकोर के घर दोपहर का भोजन भी करेंगे। इसके बाद राज्य भाजपा मुख्यालय 'श्री कमलम' में उनकी मौजूदगी में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक आयोजित होगी।

अहमदाबाद के चांदखेड़ा इलाके में वह सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा उमियाधाम परिसर में बने नए छात्रावास भवन का भी उद्घाटन करेंगे। अहमदाबाद में न्यू वाडज इलाके में अहमदाबाद नगर निगम द्वारा बनाई गई नई 'भारत माता' प्रतिमा का भी उद्घाटन किया जाएगा।

ओलंपिक, कॉमनवेल्थ की तैयारियों की करेंगे समीक्षा

अमित शाह सर्किट हाउस में ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। गुरुवार के सभी निर्धारित कार्यक्रम पूरे करने के बाद उनके कच्छ के भुज जाने की संभावना है। गुजरात में दो दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार को भी उनके कई अन्य कार्यक्रम निर्धारित हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com