

Gujarat Politics: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अहमदाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं के शपथ समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। भाजपा इतनी घबराई हुई है कि “आप” की सभा रोकने की कोशिश की गई, लेकिन कार्यकर्ताओं के जोश के आगे यह नाकाम रही। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले 30 सालों से भाजपा गुजरात में भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने कहा कि 2027 में गुजरात की सत्ता बदलेगी और तब भाजपा के लोग जेल जाएंगे।
केजरीवाल ने कहा कि अगर “आप” की सरकार बनी तो करदा प्रथा को खत्म किया जाएगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और किसानों को बीज, खाद व पानी की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 30 साल बाद अब भाजपा की सत्ता हिलने लगी है और उनके जाने का समय आ गया है। भगवान ने उनकी बुद्धि हरनी शुरू कर दी है। भाजपा ने “आप” के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद पार्टी पदाधिकारियों की मेहनत से यह सभा सफल रही और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिन पहले गोपाल इटालिया पर जूता फेंकवाया गया। पिछले तीन महीनों से “आप” के कार्यकर्ताओं और नेताओं को जेल में डाला जा रहा है। उनका कसूर सिर्फ इतना है कि उन्होंने करदा प्रथा के खिलाफ आवाज उठाई। किसानों पर करदा प्रथा के नाम पर अन्याय हो रहा है। जो नेता टूटे नहीं, उन्हें जेल में डाल दिया गया। केजरीवाल ने कहा कि एक समय गुजरात देश का सबसे अमीर राज्य हुआ करता था, जब यहां का किसान समृद्ध था। लेकिन आज किसानों को फसल का पूरा दाम नहीं मिल रहा है। स्कूल और अस्पताल बर्बाद कर दिए गए हैं। व्यापारी, युवा, महिलाएं और उद्योगपति सभी भाजपा सरकार से दुखी हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा ने 30 साल में गुजरात को सच में बेहतर बना दिया होता, तो आज आम आदमी पार्टी की सभा में एक भी व्यक्ति नहीं आता।
उन्होंने कहा कि सभा में आए हर कार्यकर्ता की आंखों में उम्मीद और बदलाव का सपना है। “आप” की सरकार एक ऐसा गुजरात बनाएगी, जहां नकली शराब पूरी तरह खत्म होगी, युवाओं को नौकरी मिलेगी, नशा खत्म होगा और व्यापारी बिना डर के काम कर सकेगा। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पंचायत, नगर पालिका और राज्य सरकार के स्तर पर भारी भ्रष्टाचार है। जो इसके खिलाफ आवाज उठाता है, उसे जेल में डाल दिया जाता है। कहीं हत्या होती है या नकली शराब बिकती है, तो भाजपा को कुछ नजर नहीं आता, लेकिन कोई युवा सोशल मीडिया पर लिख दे तो कार्रवाई हो जाती है। अब गुजरात के लोगों को डर से बाहर निकलने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि गुजरात सरदार वल्लभभाई पटेल और महात्मा गांधी की धरती है। सभी कार्यकर्ता यहां से यह संकल्प लेकर जाएंगे कि गुजरात से भाजपा का शासन खत्म करना है। अभी चुनाव में दो साल बचे हैं और जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, ईडी, सीबीआई और पुलिस का इस्तेमाल बढ़ेगा।
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक सामान्य पार्टी है। हमारे पास पैसे की ताकत नहीं, लेकिन सच्चाई की ताकत है। यह महाभारत की तरह धर्म युद्ध है। गुजरात में “आप” कार्यकर्ताओं को हर बूथ और हर घर तक पहुंचना होगा। यह आर-पार की लड़ाई है, अभी नहीं तो कभी नहीं। इस बार गुजरात की जनता के साथ मिलकर भाजपा का सफाया करना है।
इस मौके पर गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने कहा कि पुलिस के दुरुपयोग से निकोल में होने वाली सभा की अनुमति रद्द करवा दी गई और रात में मंच व कुर्सियां तक हटा दी गईं। इसके बावजूद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हार नहीं मानी और महज दो घंटे में 50 किलोमीटर दूर साणंद में नई व्यवस्था कर हजारों की संख्या में जुटकर अपनी ताकत दिखाई। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितनी भी रुकावटें डाले, अरविंद केजरीवाल के सिपाही हर चुनौती का सामना करने को तैयार हैं।