हिरासत में लिए गए लूथरा ब्रदर्स की फोटो आई सामने, क्लब में 25 लोगों की मौत के बाद भागे थे थाइलैंड

Luthra Brothers Detained: थाईलैंड में हिरासत में लिए गए लूथरा भाइयों-सौरभ और गौरव की नई तस्वीर सामने आई है। इसमें वे फुकेट इमिग्रेशन कंट्रोल सेंटर में बैठे हुए हैं। दोनों गोवा हादसे के बाद भाग गए थे।
Photos of Luthra brothers, detained in connection with the Goa club death case that left 25 people dead, surface
थाई इमिग्रेशन कंट्रोल सेंटर में लूथरा ब्रदर्स।
Published on
Updated on

Saurabh Gaurav Luthra Image: थाईलैंड में हिरासत में लिए गए लूथरा ब्रदर्स की नई तस्वीर सामने आई है। इस फोटो में दोनों भाई थाई इमिग्रेशन कंट्रोल सेंटर में अधिकारियों के बीच बैठे दिख रहे। सौरभ और गौरव लूथरा को भारत की मांग पर थाईलैंड के उनके होटल रूम से हिरासत में लिया गया। दोनों भाई गोवा में एक नाइट क्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत मामले में फरार थे। यह क्लब इनका था।

फोटो में सौरभ और गौरव फुकेट इमिग्रेशन कंट्रोल सेंटर (PICC) में कुर्सियों पर बैठे दिख रहे हैं। थाई अधिकारी उनके सामने खड़े हैं। हिरासत में लिए जाने के कुछ घंटों बाद यह फोटो गुरुवार को जारी हुई। भारत ने इनकी गिरफ्तारी के लिए थाई अधिकारियों से मदद मांगी थी, क्योंकि दो हादसे के बाद भाग गए थे।

दिल्ली कोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत

दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को सौरभ और गौरव की ट्रांजिट अग्रिम जमानत की याचिका को खारिज कर दिया। आरोपियों ने बुधवार को अदालत से 4 हफ्तों की ट्रांजिट जमानत मांगी थी, ताकि थाईलैंड से दिल्ली लौटने पर उन्हें तुरंत गिरफ्तार न किया जाए। एडिशनल सेशंस जज वंदना ने याचिका को नामंजूर कर दिया। अदालती कार्यवाही के दौरान गोवा के वकील ने याचिका का विरोध करते हुए कहा, ये लोग भाग गए। छिपे रहे और अब रहम की भीख मांग रहे। वकील ने बताया कि लूथरा भाई आग की घटना के तुरंत बाद गोवा से भाग गए थे और कानूनी प्रक्रिया से बचते रहे हैं।

समन-वारंट से भागने वालों की मदद नहीं करता कानून

सरकारी वकील ने कहा कि कानून उन लोगों की मदद नहीं करता, जो समन या वारंट से भागते हैं। उन्होंने अदालती फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि जब साबित हो जाता है कि कोई व्यक्ति कानूनी प्रक्रिया से बचने की कोशिश कर रहा है तो अदालत को उसकी मदद नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अग्रिम जमानत विवेकपूर्ण राहत है और इसे उन लोगों को नहीं दिया जा सकता, जो वारंट को अमल में लाने में रुकावट डालते या खुद को छिपाते हैं।

भारत लाए जाएंगे लूथरा ब्रदर्स

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड से जल्द भारत लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आग हादसे में स्थानीय पंचायत अधिकारी को भी गिरफ्तार किया जाएगा, क्योंकि वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा। सीएम ने कहा कि गोवा पुलिस और सीबीआई की टीम इन मुख्य आरोपियों को जितनी जल्दी हो सके भारत लाएगी। उन्होंने गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने थाईलैंड में आरोपियों को ट्रैक करने की प्रक्रिया को तेज किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com