

Highlights
आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' को बिना किसी कट के मिला यू/ए 13+ सर्टिफिकेट।
सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म का रनटाइम 173 मिनट है और थिएट्रिकल रिलीज के बाद यह प्राइम वीडियो पर आएगी।
Ayushmann Khurrana Ye Prem Mol Liya Movie: 4 साल बाद डायरेक्शन की दुनिया में लौट रहे सूरज बड़जात्या की फिल्म ये प्रेम मोल लिया इस हफ्ते बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी यह कहानी आज के दौर में कई घरों की हकीकत से जुड़ती है।
सेंसर बोर्ड से बिना किसी काट-छांट के हरी झंडी मिलना फिल्म ये प्रेम मोल लिया की टीम के लिए एक बड़ी राहत है और दर्शकों के लिए यह संकेत है कि कहानी बिना किसी रुकावट के अपने असली रूप में सामने आएगी।
आमतौर पर सूरज बड़जात्या की फिल्मों को यूनिवर्सल यानी यू सर्टिफिकेट मिलता रहा है, लेकिन फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' उनके करियर की दूसरी ऐसी फिल्म है जिसे यू/ए सर्टिफिकेट दिया गया है। बोर्ड ने बिना किसी काट-छांट के इसे यू/ए 13+ सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी दी है। 4 साल के गैप के बाद डायरेक्टर के रूप में उनकी वापसी को लेकर फैंस में पहले ही खासा क्रेज है।
कहानी के मुख्य किरदार प्रेम मिश्रा और पूर्वा सोलंकी हैं, जिनका रोल आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ निभा रहे हैं। अपनी पत्नी और उसके परिवार का साथ देने के लिए प्रेम अपने पूरे परिवार के साथ ससुराल में रहने का फैसला करता है।
एक ही घर में 2 परिवारों का साथ रहना और आपसी तालमेल बैठाना ही इस ड्रामा की मूल चुनौती है। दर्शकों के लिए यह इसलिए भी खास है क्योंकि आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ पहली बार साथ काम कर रहे हैं।
फिल्म ये प्रेम मोल लिया 173 मिनट यानी दो घंटे 53 मिनट लंबी है, जिससे यह सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बनी तीसरी सबसे लंबी फिल्म बन गई है। उनके करियर की सबसे लंबी फिल्म हम आपके हैं कौन रही है, जिसकी स्क्रीन टाइमिंग 3 घंटे 13 मिनट थी, जबकि मैंने प्यार किया 3 घंटे 4 मिनट लंबी थी।
सूरज बड़जात्या की फिल्मों में प्रेम का रोल हमेशा चर्चा में रहा है, जिसे पहले सलमान खान और शाहिद कपूर जैसे स्टार निभा चुके हैं। इस बार यह जिम्मेदारी आयुष्मान खुराना के कंधों पर है, जबकि अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सौम्या टंडन, सीमा पाहवा, शाद रंधावा और स्वानंद किरकिरे जैसे कलाकार भी अहम किरदार में नजर आएंगे।