

Who Is Nikita Rawal: ग्लैमर और चकाचौंध से भरी फिल्मी दुनिया में सितारों को कई बार ऐसे अनपेक्षित अनुभवों से गुजरना पड़ता है जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होती। कुछ ऐसा ही हैरान कर देने वाला वाकया एक्ट्रेस निकिता रावल के साथ पेश आया। एक हालिया सार्वजनिक कार्यक्रम में रेड कार्पेट पर पपराजी को पोज देते समय एक महिला फैन अचानक उनके बेहद करीब आ गई।
इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उस फैन ने निकिता के चेहरे को पकड़कर उन्हें जबरन किस करने की कोशिश की। इस अचानक हुए बर्ताव से अभिनेत्री कुछ पलों के लिए पूरी तरह स्तब्ध रह गईं। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो सामने आते ही यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया है।
प्रोग्राम के दौरान निकिता रावल पपराजी के सामने मुस्कुराते हुए तस्वीरें खिंचवा रही थीं। माहौल बिल्कुल सामान्य था और हर कोई इवेंट का लुत्फ उठा रहा था। इसी दौरान एक महिला फैन उत्साह में सुरक्षा घेरा पार करते हुए सीधे निकिता के पास पहुंच गई।
शुरुआत में ऐसा लगा कि वह केवल एक तस्वीर या सेल्फी की गुजारिश करेगी। लेकिन उसने अचानक आगे बढ़कर निकिता रावल को अपनी तरफ खींचा और उनके गाल पर जबरन किस कर लिया। अचानक हुए इस बर्ताव से निकिता काफी असहज नजर आईं, हालांकि उन्होंने स्थिति की नजाकत को संभालते हुए काफी संयम दिखाया।
इस घटना के बाद से ही हर कोई यह जानना चाह रहा है कि आखिर निकिता रावल कौन हैं। निकिता ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से की थी। उन्होंने अपने काम से जल्द ही पहचान बनाई और फिर बॉलीवुड का रुख किया।
निकिता रावल ने ने साल 2007 में आई फिल्म ‘मिस्टर हॉट मिस्टर कूल’ से हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। इसके बाद वह ‘द हीरो अभिमन्यु’, ‘अमरापाली’ और अरशद वारसी की फिल्म ‘रोटी कपड़ा और मकान’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहीं। फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने कई म्यूजिक वीडियोज में भी अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरा है।
निकिता रावल के करियर का एक अहम मोड़ तब आया जब उन्हें दिग्गज एक्टर अनिल कपूर और परेश रावल जैसे मंजे हुए कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला। वह ब्लॉकबस्टर कॉमेडी फिल्म ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ में नजर आई थीं, जहां उन्होंने अनिल कपूर के साथ काम किया।
इसके अलावा उन्होंने कई अन्य प्रोजेक्ट्स में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। केवल एक्टिंग ही नहीं, बल्कि निकिता अपने बेहतरीन डांस और सोशल मीडिया पर अपनी एक्टिविटी को लेकर भी फैंस के बीच काफी लोकप्रिय मानी जाती हैं।