

Vijay Sethupathi Maharaja Hollywood Remake: तमिल सिनेमा के दिग्गज एक्टर विजय सेतुपति की 50वीं फिल्म 'महाराजा' ने न केवल भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था, बल्कि चीनी थियेटर्स और ग्लोबल ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी जबरदस्त सफलता हासिल की थी।
अब यह क्राइम थ्रिलर फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। खबरों के अनुसार इस तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्म का जल्द ही हॉलीवुड रीमेक बनने जा रहा है। फिल्म की अनूठी कहानी और ट्विस्ट से भरे स्क्रीनप्ले ने पश्चिमी फिल्म मेकर्स का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
महाराजा के मेकर सुधान सुंदरम ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि चीन में फिल्म के शानदार प्रदर्शन के बाद एक प्रमुख हॉलीवुड एजेंसी ने उनसे रीमेक अधिकारों के लिए कॉन्टेक्ट किया था।
चीन के बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 91 करोड़ रुपये से ज्यादा की बंपर कमाई की थी। मेकर के अनुसार हॉलीवुड एजेंसी अब इस प्रोजेक्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े स्टार्स और स्टूडियो के साथ बड़े पैमाने पर स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के अनुसार हॉलीवुड के दिग्गज और ऑस्कर विनर एक्टर मैथ्यू मैक्कोनाघे मुख्य किरदार के लिए पहली पसंद माने जा रहे हैं। जब निर्माता सुधान सुंदरम से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि एजेंसी मैक्कोनाघे समेत कई टॉप-लिस्ट एक्टर्स से बातचीत कर रही है। हालांकि मुख्य कलाकारों और प्रोडक्शन हाउस की आखिरी आधिकारिक घोषणा एजेंसी द्वारा ही की जाएगी।
निथिलन स्वामीनाथन के डायरेक्शन में बनी इस मूल फिल्म महाराजा में एक साधारण नाई की कहानी दिखाई गई थी, जो अपने चोरी हुए डस्टबिन की रिपोर्ट दर्ज कराने पुलिस स्टेशन पहुंचता है। फिल्म महाराजा की बेहतरीन कहानी और सस्पेंस को पश्चिमी दर्शकों के अनुसार ढाला जाएगा।
यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो विजय सेतुपति की फिल्म महाराजा का हॉलीवुड रीमेक अगले साल की शुरुआत में फ्लोर पर जा सकता है, जो भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक गर्व का क्षण है।
बता दें कि हाल ही के एक इंटरव्यू के दौरान विजय सेतुपति ने जेलर 2 में अपनी भूमिका पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, "मैंने 'जेलर 2' में कैमियो रोल करने का फैसला सिर्फ इसलिए किया क्योंकि मैं एक्टर रजनीकांत सर का बहुत बड़ा फैन हूँ। उनके साथ स्क्रीन शेयर करना मेरे लिए सम्मान की बात है। रजनी सर ने दशकों तक फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया है और उनके साथ काम करना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है।"