

Urmila Matondkar Viral Comment: बॉलीवुड की रंगीला गर्ल उर्मिला मातोंडकर और उनके पूर्व पति मोहसिन अख्तर मीर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। बिजनेसमैन और मॉडल मोहसिन अख्तर ने निधा भट्ट संग अपनी दूसरी शादी के रिसेप्शन की खूबसूरत और अनदेखी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
तस्वीरों के साथ उन्होंने अपनी नई दुल्हन के लिए एक बेहद रोमांटिक मैसेज भी लिखा। हालांकि, इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर असली हलचल तब मची, जब उर्मिला मातोंडकर ने अपने सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक मैसेज शेयर किया। उर्मिला के इस कदम को सीधे तौर पर उनके पूर्व पति की नई जिंदगी से जोड़कर देखा जा रहा है।
मोहसिन अख्तर मीर ने जून में निधा भट्ट के साथ निकाह किया था। हाल ही में उन्होंने अपने रिसेप्शन समारोह की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर कीं, जिसमें वह गुलाबी रंग की शेरवानी में नजर आ रहे हैं, जबकि निधा पारंपरिक पोशाक में बेहद खूबसूरत लग रही हैं। तस्वीरों के साथ मोहसिन ने एक बेहद इमोशनल कैप्शन लिखा।
उन्होंने कहा कि निधा केवल उनकी पत्नी ही नहीं, बल्कि उनका घर और उनकी शांति बन चुकी हैं। उन्होंने ईश्वर का शुक्रिया अदा करते हुए अपनी नई राह पर साथ चलने और हर कदम पर निष्ठा बनाए रखने का वादा किया।
मोहसिन के इस प्यार भरे पोस्ट के वायरल होते ही उर्मिला मातोंडकर की इंस्टाग्राम स्टोरी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बिना किसी का नाम लिए उर्मिला ने एक छोटा लेकिन बेहद गहरा विचार शेयर किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें प्यार, वफादारी और समय जैसी महंगी चीजें पसंद हैं। सोशल मीडिया यूज़र्स और फैंस इस क्रिप्टिक पोस्ट को सीधे तौर पर मोहसिन के रिसेप्शन पोस्ट से जोड़कर देख रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि इस एक लाइन के जरिए उर्मिला ने अपने पुराने रिश्ते और उसमें मिली कड़वाहट की ओर इशारा किया है।
उर्मिला मातोंडकर और मोहसिन अख्तर की पहली मुलाकात साल 2014 में मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की भांजी की शादी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और 4 फरवरी 2016 को एक निजी समारोह में दोनों ने शादी कर ली।
उम्र में 10 साल के गैप और अलग धर्म के बावजूद दोनों की जोड़ी को फैंस ने काफी पसंद किया था। हालांकि, शादी के 8 साल बाद 2024 में दोनों के रिश्तों में खटास आने की खबरें सामने आईं। इसके बाद मुंबई की एक अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल की गई और उर्मिला मातोंडकर और मोहसिन अख्तर के रास्ते हमेशा के लिए अलग हो गए।