

Nayanthara Toxic Trailer Launch: यश की मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर लॉन्च इवेंट में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट ने शिरकत की और अपने अनुभव साझा किए। हुमा कुरैशी, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, नयनतारा और रुक्मिणी वसंत ने फिल्म का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर की। वहीं, नयनतारा ने यश की मेहनत और उनके समर्पण की जमकर तारीफ की।
ट्रेलर लॉन्च इवेंट में हुमा कुरैशी ने बंगलूरू को नमस्कार करते हुए अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से वह जहां भी जाती हैं, लोग उनसे ‘टॉक्सिक’ के बारे में सवाल करते हैं। हुमा के मुताबिक, यह फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता और उसकी पावर को दिखाता है। हुमा ने कहा कि उन्हें इस फिल्म का हिस्सा होने पर गर्व है। उन्होंने फिल्म की स्टारकास्ट और दमदार कहानी का जिक्र करते हुए निर्देशक गीतू मोहनदास का भी शुक्रिया अदा किया।
कियारा आडवाणी ने भी ‘टॉक्सिक’ को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि गीतू मोहनदास और यश ने उन्हें फिल्म का हिस्सा बनने के लिए चुना, जिसके लिए वह दोनों की आभारी हैं। कियारा ने कहा कि फिल्म उनके करियर के लिए बेहद खास है और उन्होंने इससे जुड़े सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा किया। अभिनेत्री ने इवेंट में तेलुगु भाषा में मौजूद लोगों का अभिवादन भी किया।
तारा सुतारिया ने कहा कि वह खुद को बेहद शुक्रगुजार मानती हैं कि उन्हें इतनी अच्छी फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला। वहीं, रुक्मिणी वसंत ने कहा कि उन्हें फिल्म में कई प्रतिभाशाली लोगों के साथ काम करने का अवसर मिला और वह पूरी टीम के प्रति आभारी हैं। अक्षय ओबेरॉय ने भी फिल्म और निर्देशक गीतू मोहनदास के साथ काम करने का अपना अनुभव साझा किया।
नयनतारा से जब पूछा गया कि ‘टॉक्सिक’ उनकी पसंदीदा फिल्मों में से एक क्यों है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि इसके कई कारण हैं, लेकिन फिलहाल उनके लिए यश ही फिल्म के खास होने की बड़ी वजह हैं। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया और कियारा के काम की भी तारीफ की। इसके बाद नयनतारा ने यश को ‘रॉकी भाई’ कहकर संबोधित किया और उनकी मेहनत की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि यश ने करीब साढ़े चार साल तक फिल्म पर मेहनत की और इस दौरान काम को प्राथमिकता दी।