रेमो डिसूजा और टाइगर श्रॉफ पहली बार करेंगे साथ काम, मुंबई में शुरू होगा एक्शन प्रोजेक्ट, जल्द होगा बड़ा ऐलान

Tiger Shroff Shooting: टाइगर श्रॉफ जल्द ही रेमो डिसूजा के निर्देशन में बनने वाली नई एक्शन-ड्रामा फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग 1 अगस्त से मुंबई में शुरू होगी।
Tiger Shroff New Movie Remo D'Souza Action Film
रेमो डिसूजा और टाइगर श्रॉफ (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Tiger Shroff Action Film: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ एक बार फिर अपने दमदार एक्शन और शानदार डांस मूव्स के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार हैं। इस बार उनके साथ निर्देशक और मशहूर कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा हैं, जो एक नई एक्शन-ड्रामा फिल्म का निर्देशन करने जा रहे हैं। लंबे समय से इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा चल रही थी और अब इसकी शूटिंग से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग 1 अगस्त से मुंबई में शुरू होगी और इसके लिए मेकर्स ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। फिल्म का पहला शूटिंग शेड्यूल मुंबई में रखा गया है। इसके लिए विशाल सेट तैयार किया जा चुका है और पूरी प्रोडक्शन टीम शूटिंग शुरू करने के लिए तैयार है। फिलहाल फिल्म के टाइटल का खुलासा नहीं किया गया है।

रेमो और टाइगर की जोड़ी से बढ़ीं उम्मीदें

मेकर्स इस प्रोजेक्ट को बड़े स्तर पर लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं। टाइगर को हिंदी सिनेमा के सबसे फिट और बेहतरीन एक्शन स्टार्स में गिना जाता है। उनकी फिल्मों में हाई-ऑक्टेन स्टंट और शानदार डांस हमेशा दर्शकों का ध्यान खींचते हैं। दूसरी ओर रेमो डिसूजा अपनी स्टाइलिश फिल्ममेकिंग और डांस-आधारित फिल्मों के लिए मशहूर हैं। ऐसे में पहली बार दोनों की जोड़ी एक एक्शन-ड्रामा फिल्म में साथ आ रही है, जिससे फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

प्रोडक्शन टीम में शामिल हैं बड़े नाम

फिल्म का निर्माण रोहन दीप सिंह, विशाल गुरनानी, नीरज तिवारी और विक्की जैन मिलकर कर रहे हैं। हालांकि अभी तक फिल्म की मुख्य अभिनेत्री और बाकी कलाकारों के नाम सामने नहीं आए हैं। मेकर्स फिलहाल स्टार कास्ट और कहानी से जुड़ी अहम जानकारियों को गोपनीय रखे हुए हैं, ताकि सही समय पर बड़े ऐलान के साथ दर्शकों को सरप्राइज दिया जा सके।

टाइगर के पास हैं कई बड़े प्रोजेक्ट्स

वर्क फ्रंट की बात करें तो टाइगर श्रॉफ के पास इस समय कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह जल्द ही एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'हिटमैन' में अभिनेता सुनील शेट्टी के साथ नजर आएंगे। इसके अलावा उनकी फिल्म 'लग जा गले' की शूटिंग भी 2027 में शुरू होने की खबर है। अब रेमो डिसूजा की इस नई फिल्म के साथ टाइगर एक बार फिर अपने पसंदीदा एक्शन अवतार में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com