

Highlights
तीनों गिरफ्तार आरोपी 11 अक्टूबर को जुहू के पुष्पा नरसी पार्क स्थित फुटबॉल ग्राउंड के आसपास पहुंचे थे।
आरोपियों ने कथित तौर पर एक हफ्ते बाद उसी इलाके में फिर से एक्टिविटी शुरू कीं।
रेहान, फूल सिंह और रितिक को गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया।
पुलिस जांच कर रही है कि कथित साजिश के पीछे कौन था और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे।
Mumbai Police Investigation: हाल ही में एक्टर टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी को सुलझाने में जुटी पुलिस के हाथ चौंकाने वाले सबूत लगे हैं। शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद यह बात सामने आई है कि टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले इस साजिश को अचानक अंजाम नहीं दिया था, बल्कि वे पिछले काफी समय से इसकी पूरी तैयारी में जुटे हुए थे। आरोपियों की गतिविधियों और उनकी कार्यप्रणाली ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है।
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी- रेहान, फूल सिंह और रितिक घटना से ठीक 1 हफ्ता पहले भी जुहू के उसी इलाके में पहुंचे थे। आरोपियों ने 11 अक्टूबर को ही पुष्पा नरसी पार्क स्थित फुटबॉल ग्राउंड के आसपास डेरा डाल दिया था।
पुलिस का कहना है कि उस दिन भी हमलावर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की ही आए थे। हालांकि, किन्हीं कारणों से उस दिन एक्टर वहां नहीं पहुंचे, जिसके चलते हमलावर अपनी इस साजिश को उस समय पूरा करने में असफल रहे और खाली हाथ लौट गए।
पहली बार योजना असफल होने के बाद भी हमलावरों ने अपने इरादे नहीं छोड़े और लगातार मौके की तलाश में रहे। इसके ठीक 1 हफ्ते बाद यानी 18 अक्टूबर को वे एक बार फिर उसी इलाके में एक्टिव हो गए। शाम के वक्त से ही आरोपी फुटबॉल ग्राउंड के गेट के आसपास मंडराने लगे थे और हर गतिविधि पर बारीक नजर बनाए हुए थे।
उन्होंने पूरी मुस्तैदी के साथ इलाके की रेकी की और यह तय किया कि इस बार मौका हाथ से न जाने पाए। उनकी यह सुनियोजित रणनीति बताती है कि हमलावर कितनी शातिर योजना के तहत इस पूरी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने अपनी पेशेवर कार्यकुशलता दिखाते हुए फौरन कार्रवाई की और आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की। देश के अलग-अलग राज्यों से इन संदिग्धों को पकड़कर मुंबई लाया गया है, जहां उनसे लगातार कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरी साजिश के पीछे असल मास्टरमाइंड कौन था और इन्हें किस गिरोह या बाहरी ताकत से डायरेक्शन मिल रहे थे। शुरुआती कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस मामले में कुछ और बड़े और चौकाने वाले नाम सामने आ सकते हैं।
इस पूरी घटना के सामने आने के बाद से बॉलीवुड गलियारों में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता का माहौल बन गया है। एक्टर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह से सतर्क हो गया है।
आम जनता के बीच भी इस बात को लेकर चर्चा है कि किस तरह से अपराधियों ने प्लानिंग करके एक बड़े कलाकार को निशाना बनाने की कोशिश की। मुंबई पुलिस अब इस बात की तह तक जाने में जुटी है कि इस खौफनाक षड्यंत्र में और कितने लोग शामिल थे।