The Kerala Story Director Sudipto Sen: सुदीप्तो सेन अपनी फिल्मों और बेबाक विचारों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। उनकी फिल्म द केरल स्टोरी ने रिलीज के समय काफी विवाद बटोरे थे, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की थी। अब हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में निर्देशक ने खुलासा किया कि आखिर वह शाहरुख खान, अक्षय कुमार और सलमान खान जैसे बड़े सितारों के साथ फिल्में क्यों नहीं बनाते।
एक इंटरव्यू के दौरान जब सुदीप्तो सेन से पूछा गया कि वह बॉलीवुड के बड़े स्टार्स के साथ काम करने से क्यों बचते हैं, तो उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी। निर्देशक ने कहा कि वह आत्मविश्वासी हैं, लेकिन अतिआत्मविश्वासी नहीं। उनके मुताबिक, जब किसी बड़े स्टार के साथ फिल्म बनाई जाती है, तो निर्देशक पर अलग तरह का दबाव आ जाता है।
सुदीप्तो सेन ने कहा कि बड़े सितारों के साथ काम करते समय फिल्म की पूरी दिशा बदल जाती है। सुदीप्तो सेन के अनुसार, उस स्थिति में निर्देशक अपनी कहानी से ज्यादा स्टार की छवि और अपेक्षाओं के हिसाब से काम करने लगता है। उन्होंने कहा कि जब कोई बड़ा स्टार आता है, तो आपकी जिम्मेदारी उसकी फिल्म बनाना होती है। आप अपनी कहानी नहीं, बल्कि उस स्टार की फिल्म बना रहे होते हैं।
सुदीप्तो सेन ने आगे कहा कि बड़े स्टार्स के साथ काम करते समय निर्देशक की स्वतंत्रता सीमित हो जाती है। उनके मुताबिक, कई बार निर्देशक अपनी सोच और विजन के मुताबिक फिल्म नहीं बना पाता। उन्होंने साफ कहा कि वह किसी तरह का क्रिएटिव समझौता नहीं करना चाहते। निर्देशक का मानना है कि वह अपनी कला और अपनी कहानी पर फोकस करना ज्यादा पसंद करते हैं।
इसी बातचीत में सुदीप्तो सेन ने द केरल स्टोरी की सफलता पर भी बात की। उन्होंने बताया कि उन्हें शुरुआत से भरोसा था कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बनाएगी। निर्देशक ने दावा किया कि उन्हें पहले ही यकीन था कि फिल्म 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह नहीं चाहते थे कि 'द केरल स्टोरी' को सिर्फ एक “बड़ी स्टारकास्ट वाली फिल्म” के तौर पर देखा जाए।