

Jana Nayagan Release Date: साउथ सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उनकी बहुप्रतीक्षित और फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म 'जन नायगन' यानी हिंदी में 'जन नेता' की रिलीज डेट आखिरकार तय हो गई है। करीब छह महीने के लंबे इंतजार के बाद विजय ने खुद सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर साझा करते हुए इसकी रिलीज की घोषणा की।
पोस्टर में साफ तौर पर 23 जुलाई रिलीज डेट लिखी गई है। इसके साथ विजय ने कैप्शन में #JananayaganFromJuly23 हैशटैग का इस्तेमाल किया। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और फिल्म ट्रेंड करने लगी। 'जन नेता' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि यह थलपति विजय की फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही है।
विजय पहले ही फिल्मों से संन्यास लेने का फैसला कर चुके हैं और अब पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हैं। तमिलनाडु की राजनीति में कदम रखने के बाद उन्होंने अभिनय से दूरी बना ली है, ऐसे में उनके प्रशंसकों के लिए यह फिल्म बेहद खास मानी जा रही है। शुरुआत में इस फिल्म को 9 जनवरी को रिलीज करने की योजना थी, लेकिन उस समय फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से मंजूरी नहीं मिल पाई थी। इसके चलते रिलीज टालनी पड़ी।
विजय की फिल्म को सेंसर बोर्ड ने A सर्टिफिकेट दे दिया है। यानी इस फिल्म को केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के दर्शक ही सिनेमाघरों में देख सकेंगे। सेंसर की मंजूरी मिलने के बाद मेकर्स ने बिना देर किए नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया। निर्देशक एच. विनोत के निर्देशन में बनी 'जन नायगन' को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज किया जाएगा। हिंदी बेल्ट में यह फिल्म 'जन नेता' नाम से सिनेमाघरों में आएगी।
फिल्म का रनटाइम 3 घंटे 3 मिनट 11 सेकेंड रखा गया है, जो इसे एक लंबी फीचर फिल्म बनाता है। माना जा रहा है कि इसमें भरपूर एक्शन, इमोशन और राजनीतिक ड्रामा देखने को मिलेगा। अब जबकि रिलीज डेट आधिकारिक रूप से सामने आ चुकी है, फैंस थलपति विजय को आखिरी बार बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।