

Tejasswi Prakash-Elvish Yadav Fight: 'प्लेग्राउंड सीजन 5' इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है। शो का ग्रैंड फिनाले भी अब बेहद करीब है। इसी बीच फिनाले में करण कुंद्रा की एंट्री को लेकर फैंस का उत्साह बढ़ गया है। शो का नया प्रोमो भी सामने आया है, जिसमें करण अपने खास अंदाज में नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि 'प्लेग्राउंड सीजन 5' में एल्विश यादव और तेजस्वी प्रकाश बतौर मेंटोर नजर आ रहे हैं और दोनों का करण से खास रिश्ता है।
एल्विश यादव करण कुंद्रा के करीबी दोस्तों में से एक हैं और करण उन्हें अपने छोटे भाई जैसा मानते हैं। वहीं तेजस्वी प्रकाश करण की मंगेतर हैं। ऐसे में जब हाल ही में शो में दोनों के बीच तीखी बहस देखने को मिली तो मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया। अब करण ने पहली बार इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। वायरल हो रही क्लिप में करण कुंद्रा एल्विश और तेजस्वी की लड़ाई पर मजेदार अंदाज में दोनों की टांग खींचते नजर आए।
करण कुंद्रा ने कहा कि ये मेरा छोटा भाई है और ये मेरी छोटी मंगेतर है। मेरे घर के कलेश को इन दोनों ने पूरे हिंदुस्तान में पहुंचा रखा है। करण यहीं नहीं रुके। उन्होंने तेजस्वी को लेकर भी मजाक किया और कहा कि उन्हें इस बात का ज्यादा झटका लगा कि एल्विश ने एक बार में इतनी सारी अंग्रेजी कैसे बोल दी। करण की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी हंसने लगे।
करण ने मजाकिया अंदाज में आगे कहा कि तेजस्वी की परेशानी यही है कि उनके सामने जो भी अंग्रेजी में बात करता है, वह उससे लड़ जाती हैं। करण का यह अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को भी काफी पसंद आ रहा है। फैंस दोनों के रिश्ते और करण की मजेदार टिप्पणी पर तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। दरअसल, 'प्लेग्राउंड सीजन 5' के एक एपिसोड में एल्विश यादव और तेजस्वी प्रकाश के बीच बहस हो गई थी।
एल्विश यादव उस वक्त अपना आपा खो बैठे, जब तेजस्वी ने उनकी बात के बीच में बोलने की कोशिश की। गुस्से में एल्विश ने तेजस्वी को अपशब्द कहते हुए चुप रहने के लिए कहा। इसके बाद तेजस्वी ने भी उन्हें जवाब दिया और कहा कि वह उनसे इस तरह बात न करें। एल्विश ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि जब वह बोल रहे हों तो तेजस्वी को बीच में नहीं बोलना चाहिए। दोनों के बीच हुई इस बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।