

Taapsee Pannu Birthday: बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने अपनी मेहनत और चुनिंदा फिल्मों के दम पर इंडस्ट्री में एक मुकाम हासिल किया है। 1 अगस्त यानी आज अपना जन्मदिन मना रहीं तापसी का सफर काफी प्रेरणादायक रहा है। चश्मे बद्दूर से हिंदी सिनेमा में कदम रखने वाली तापसी पन्नू ने पिंक, बेबी, द गाजी अटैक, मनमर्जियां और मिशन मंगल जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया है। उनकी एक्टिंग की तारीफ दर्शक ही नहीं बल्कि बड़े-बड़े समीक्षक भी करते हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले उनकी जिंदगी बिल्कुल अलग थी। उन्होंने गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी।
पढ़ाई पूरी करने के बाद तापसी ने बाकायदा एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करना शुरू कर दिया था। हालांकि कुछ समय बाद उन्होंने मॉडलिंग का रुख किया और पूरी तरह से ग्लैमर वर्ल्ड का हिस्सा बन गईं। तापसी पन्नू ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2010 में तेलुगु फिल्म झुम्मंडी नादम से की थी। साल 2013 में जब उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा, उससे पहले ही वे तमिल और मलयालम फिल्मों में अपनी पहचान बना चुकी थीं।
तापसी अपने हर रोल में पूरी तरह ढलने के लिए जानी जाती हैं। जब उन्हें फिल्म नाम शबाना में एक खुफिया एजेंट का रोल मिला, तो उन्होंने इसके लिए कड़ी तैयारी की। इस फिल्म के लिए उन्होंने कुडो और क्राव मागा जैसी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली थी।
इसके अलावा तापसी पन्नू ने अपने करियर में 2 बायोपिक फिल्मों में भी दमदार भूमिका निभाई है। सांड की आंख में उन्होंने शार्पशूटर प्रकाशी तोमर और शाबाश मिठू में पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट कप्तान मिताली राज का किरदार पर्दे पर जीवित किया था। इसके साथ ही वे दोबारा, बदला और ब्लर जैसी 3 स्पैनिश रीमेक फिल्मों का हिस्सा भी रह चुकी हैं।
एक्टिंग के अलावा तापसी पन्नू एक सफल बिजनेस वूमन भी हैं। वे 'द वेडिंग फैक्ट्री' नाम से एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी चलाती हैं जो शादी-विवाह और बड़े आयोजनों को संभालती है। खेल के प्रति उनका लगाव भी किसी से छिपा नहीं है।
साल 2018 में उन्होंने पुणे 7 एसेस नाम की बैडमिंटन फ्रेंचाइजी खरीदी थी, जो प्रीमियर बैडमिंटन लीग में हिस्सा लेती है। इस तरह तापसी पन्नू केवल एक्टिंग तक सीमित न रहकर बिजनेस और खेल जगत में भी अपना योगदान दे रही हैं।
बता दें कि हाल ही में तापसी पन्नू की फिल्म अस्सी ओटीटी पर रिलीज हुई, जो एक और बेहद गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर आधारित फिल्म दर्शकों के दिलों को झकझोर रही है। यह कहानी एक ऐसी निडर महिला की है, जो अपने साथ हुए एक भयावह अपराध के खिलाफ आवाज उठाने का फैसला करती है।