Sunny Deol Look: क्लीन-शेव लुक में नजर आए सनी देओल, वायरल तस्वीरों पर फैंस ने की धर्मेंद्र और बॉबी से तुलना

Sunny Deol Upcoming Film: सनी देओल का नया क्लीन-शेव लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनकी तुलना धर्मेंद्र और बॉबी देओल से कर रहे हैं। वहीं उनकी फिल्म इक्का भी जल्द रिलीज होने वाली है।
Sunny Deol Clean Shave New Look Ikka Ramayana Part 1 Bobby And Dharmendra
सनी देओल का नया क्लीन-शेव लुक (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Sunny Deol Clean Shave Look: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। इसी बीच उनका नया क्लीन-शेव लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लंबे समय से दाढ़ी-मूंछ वाले लुक में नजर आ रहे सनी देओल को अचानक पुराने अंदाज में देखकर फैंस हैरान रह गए। वायरल तस्वीरों पर यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। किसी ने उन्हें उनके पिता धर्मेंद्र की याद दिला दी, तो किसी ने कहा कि वह बिल्कुल अपने छोटे भाई बॉबी देओल जैसे लग रहे हैं।

सनी देओल के नए लुक को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कई फैंस का मानना है कि अभिनेता ने अपनी आगामी फिल्म 'रामायण पार्ट 1' के लिए यह बदलाव किया है। इस मेगा बजट फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभाते नजर आएंगे। हालांकि, मेकर्स की ओर से उनके लुक को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन और एडिटिंग के चरण में है।

फैंस ने की धर्मेंद्र और बॉबी देओल से तुलना

सनी देओल का क्लीन-शेव अवतार सामने आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा कि बिल्कुल बॉबी देओल लग रहे हैं। वहीं दूसरे ने कमेंट किया कि धर्मेंद्र पाजी की झलक साफ नजर आ रही है। कई फैंस ने हार्ट और फायर इमोजी शेयर कर अभिनेता के नए लुक की जमकर तारीफ की। गौरतलब है कि इससे पहले साल 2025 में भी सनी देओल कुछ समय के लिए क्लीन-शेव लुक में दिखाई दिए थे।

इक्का और दूसरी फिल्मों को लेकर बढ़ा उत्साह

वर्कफ्रंट की बात करें तो सनी देओल जल्द ही नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली फिल्म 'इक्का' में नजर आएंगे। यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को स्ट्रीम होगी, जिसमें वह करीब 33 साल बाद एक वकील की भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने फिल्म 'दामिनी' में वकील का यादगार किरदार निभाया था। इसके अलावा वह 'बंटवारा 1947' में भी दिखाई देंगे, जो 14 अगस्त को रिलीज होगी। वहीं 'रामायण पार्ट 1' दिवाली के आसपास सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स और नए लुक के चलते सनी देओल एक बार फिर सुर्खियों में बने हुए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com