Spider-Man Brand New Day Collection Day 6: कमाई की रफ्तार बरकरार, छठे दिन भी फिल्म ने किया धमाका

Spider-Man Brand New Day Collection Report: फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रखा है। रिलीज के 6वें दिन फिल्म ने 21.50 करोड़ की कमाई कर 300 करोड़ नेट कलेक्शन किया।
Spider-Man Brand New Day Collection
फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे'(फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Spider-Man Brand New Day Collection Box Office: हॉलीवुड के पॉपुलर सुपरहीरो स्पाइडर-मैन का जादू एक बार फिर भारतीय सिनेमाघरों में सिर चढ़कर बोल रहा है। टॉम हॉलैंड स्टारर नई फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। रिलीज के पहले दिन से ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है। सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है और यह फिल्म टिकट खिड़की पर जमकर कमाई कर रही है। क्या हिंदी भाषी क्षेत्र और क्या साउथ सिनेमा, हर जगह दर्शक इस सुपरहीरो के कारनामों को देखने के लिए सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं। इस फिल्म के सामने कई बड़ी बॉलीवुड फिल्में भी टिक नहीं पा रही हैं।

वीक डेज के कामकाजी दिनों में भी फिल्म का जलवा पूरी तरह बरकरार है। रिलीज के 6वें दिन यानी कल फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 21.50 करोड़ रुपये का बड़ा कलेक्शन किया। इस एक ही दिन में देश भर में करीब 16,793 शो दिखाए गए। यह आंकड़ा साफ बताता है कि दर्शकों के बीच स्पाइडर-मैन को लेकर दीवानगी किस हद तक बनी हुई है। बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक के थिएटर्स हाउसफुल चल रहे हैं।

300 करोड़ नेट कमाई का आंकड़ा पार

6वें दिन के इस शानदार कलेक्शन के साथ ही फिल्म ने एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 303.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं अगर ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो यह आंकड़ा 362.61 करोड़ रुपये हो चुका है। खबरों के अनुसार इतनी तेजी से 300 करोड़ का आंकड़ा पार करना इस बात का सबूत है कि भारतीय युवा और बच्चे इस फिल्म को बहुत पसंद कर रहे हैं।

Spider-Man Brand New Day Collection
Jana Nayagan Collection Day 12: दूसरे हफ्ते में भी थलपति विजय का तूफान, ‘जन नायकन’ ने फिर मारी बाजी

कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड पूरी तरह ध्वस्त

‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने अपने ओपनिंग डे से ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाना शुरू कर दिया था। इसने रिलीज होते ही द ओडिसी, धमाल 4, वेलकम टू द जंगल, कॉकटेल 2, भूत बंगला, बॉर्डर 2, करप्पू, उस्ताद भगत सिंह और दृश्यम 3 जैसी फेमस फिल्मों के पहले दिन के कलेक्शन रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया। केवल इतना ही नहीं, यह फिल्म वर्ष 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है।

आने वाले हफ्तों में भी इस स्पाइडर-मैन फिल्म की रफ्तार रुकती हुई नजर नहीं आ रही है। इस हफ्ते द बोस स्टोरी जैसी बेहद कम बजट वाली फिल्में ही रिलीज हुई हैं, जिससे स्पाइडर-मैन की कमाई पर कोई फर्क नहीं पड़ा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com