

Sooraj Pancholi On Disha Salian Death Case: दिशा सालियान की मौत के मामले में सीबीआई की ओर से एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद अभिनेता सूरज पंचोली ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। मामले में सूरज पंचोली समेत कई लोगों के नाम जांच के दायरे में आए हैं। इसके बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर दिशा सालियान और शिवसेना यानी यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है।
सूरज पंचोली ने 14 सितंबर को इंस्टाग्राम पर एक विस्तृत नोट शेयर किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में दिशा सालियान से कभी मुलाकात नहीं की। अभिनेता ने यह भी कहा कि वह आदित्य ठाकरे से भी कभी नहीं मिले हैं। उनका कहना है कि इसके बावजूद लंबे समय से उनका नाम इस मामले से जोड़ा जा रहा है, जो उनके लिए बेहद परेशान करने वाला है।
अपने बयान में सूरज ने कहा कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और उनके खिलाफ किसी तरह का सबूत नहीं है। अभिनेता ने यह भी बताया कि कई साल पहले सीबीआई और पुलिस उनसे पूछताछ कर चुकी है और उनका बयान भी दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि अगर जांच एजेंसी को दोबारा उनकी जरूरत पड़ती है तो वह जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
दिशा सालियान की मौत के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। दिशा, दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं और जून 2020 में उनकी मौत हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एफआईआर में आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली, डिनो मोरिया और रिया चक्रवर्ती समेत कई नाम जांच के लिए दर्ज किए गए हैं। हालांकि, रिपोर्ट्स में यह भी बताया गया है कि नाम का जांच में होना दोष सिद्ध होने के बराबर नहीं है।
सूरज पंचोली ने मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को लेकर भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का नाम किसी हेडलाइन में आना उसे तथ्य नहीं बना देता। अभिनेता ने निष्पक्ष जांच का समर्थन करते हुए कहा कि वह कानून और जांच एजेंसियों पर भरोसा रखते हैं और उन्हें उम्मीद है कि जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी।