

बीपी सिंह के निधन से टूटे शिवाजी साटम
शिवाजी साटम ने कहा, जिंदगी का बड़ा चैप्टर खत्म
सीआईडी टीम ने बीपी सिंह को दी श्रद्धांजलि
Shivaaji Satam On BP Singh Death: सोनी टीवी के सबसे चर्चित शो सीआईडी के फैंस के लिए कल का दिन काफी दुखद रहा। सीआईडी और आहट जैसे सुपरहिट शो बनाने वाले प्रोड्यूसर बी पी सिंह का कल निधन हो गया है।
बीपी सिंह ने 27 अक्टूबर को 77 साल की उम्र में आखिरी सांस ली है। उनके निधन से टीवी शो सीआईडी की पूरी टीम शोक में है। हाल ही में सीआईडी में एसीपी प्रद्युमन का किरदार निभाने वाले एक्टर शिवाजी साटम ने बीपी सिंह ने निधन पर दुख जाहिर किया है।
मीडिया इंटरव्यू के दौरान शिवाजी साटम ने अपने दोस्त को खोने का दुख जाहित करते हुए कहा है कि आज मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा चैप्टर खत्म हो गया है। वो बहुत अच्छे इंसान थे। एक उम्दा दोस्त थे।
मैंने सब उनसे ही सीखा। मैं थिएटर से आया था। मुझे ये अच्छे से पता था कि स्टेज पर एक्ट कैसे करना है। लेकिन कैमरे के सामने मुझे परफॉर्मेंस देना सिखाया है। जरूरत पड़ने पर हर सीन को कैसे लार्जर देन लाइफ बनाना है, ये भी मैंने उनसे ही सीखा है। वो हर चीज को बहुत ही खूबसूरती के साथ समझाते थे। वो बहुत ही अच्छे गुरू थे।
इतना ही नहीं शिवाजी साटम ने कहा कि दोस्ती में गलतफहमियां और झगड़े होते रहते हैं, लेकिन वो मेरी जिंदगी के हर मौसम में थे। हम दोनों का रिश्ता इतना मजबूत था कि वो किसी भी छोटी सी चीज से नहीं टूट सकता था। उनके जैसे इंसान को पद्मश्री मिलना चाहिए, लेकिन उन्होंने काम करते हुए कभी भी इस बारे में नहीं सोचा। वो हमेशा यही कहते थे, जाने दो, इससे क्या ही बदल जाएगा। हमारी ऑडियंस हमेशा हमारे साथ है, यही मेरे लिए सबसे बड़ा अचीवमेंट है।
बीपी सिंह की अंतिम यात्रा से पहले सीआईडी टीम के सभी कलाकार उनके आखिरी दर्शन के लिए पहुंचे थे। सीआईडी टीम के सदस्य जैसे शिवाजी साटम, अमन वर्मा, दयानंद शेट्टी, श्रद्धा मुसले, आदित्य श्रीवास्तव, मनजीत जोरा, के. के गोस्वामी, अजय नागरथ, सुनील पाल, अश्विनी कालसेकर और ऋषिकेष पांडे जैसे कलाकार बीपी सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।