

Shehnaaz Gill Ishqnama Trailer Out: लंबे समय से चर्चा में बनी हुई फिल्म इश्कनामा का ट्रेलर आधिकारिक तौर पर दर्शकों के बीच आ चुका है। इस फिल्म में अहम भूमिका निभा रहीं शहनाज गिल इन दिनों अपनी इस नई पारी को लेकर हर तरफ सुर्खियां बटोर रही हैं। यह फिल्म सिर्फ एक साधारण मनोरंजन नहीं है, बल्कि यह दो दिलों की ऐसी दास्तान है जो सरहदों और मजहबों की सीमाओं को लांघने का हौसला रखती है।
फिल्म के ट्रेलर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और लोग इस अनोखी प्रेम कहानी की खूब तारीफ कर रहे हैं। इस कहानी की शुरुआत बेहद दिलचस्प और भावुक करने वाली है। फिल्म की कहानी में साल 1982 का दौर दिखाया गया है, जब हालात आज से काफी अलग हुआ करते थे।
फिल्म इश्कनामा की कहानी का मुख्य किरदार निम्मा, जिसे एक्टर जय रंधावा ने निभाया है, किसी काम के सिलसिले में पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान जाता है। वहां उसकी मुलाकात नसीमा नाम की एक खूबसूरत लड़की से होती है, जिसका किरदार शहनाज गिल ने निभाया है।
नसीमा न सिर्फ एक अलग देश की नागरिक है, बल्कि उसका मजहब भी निम्मा से पूरी तरह अलग है। इसके बाद भी दोनों के बीच धीमे-धीमे प्यार का सिलसिला शुरू हो जाता है, जो आगे चलकर एक गहरे जुनून में बदल जाता है।
प्यार के इस सफर में मोड़ तब आता है जब नसीमा अपने दिल की बात निम्मा के सामने रखती है। वह हिंदुस्तान की सरजमीं को अपनी आंखों से देखने की ख्वाहिश जताती है। निम्मा अपनी मोहब्बत की इस ख्वाहिश को पूरा करने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल देता है और उसे भारत लेकर आता है।
वह नसीमा को पूरे देश की सैर कराता है और बेहद हिफाजत के साथ वापस उसके मुल्क छोड़ने भी जाता है। लेकिन असली कहानी यहीं से शुरू होती है। नसीमा के पिता को जब इस बात की भनक लगती है कि उनकी बेटी एक हिंदुस्तानी लड़के से मोहब्बत करती है, तो वह गुस्से से आगबबूला हो जाते हैं।
नसीमा के पिता गुस्से में निम्मा को कैद कर लेते हैं और उस पर तरह-तरह के जुल्म ढाने लगते हैं। मगर निम्मा अपने सच्चे प्यार की खातिर हर दर्द को हंसते-हंसते सहने के लिए तैयार रहता है। धमकियां और जुल्म भी इन दोनों प्रेमियों के हौसलों को डिगा नहीं पाते हैं, जिससे कहानी बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच जाती है।
शहनाज गिल की फिल्म इश्कनामा के ट्रेलर ने दर्शकों के दिलों को पूरी तरह से छू लिया है और अब हर कोई यह जानने के लिए उत्सुक है कि क्या इन दोनों की मोहब्बत मुकम्मल हो पाएगी। अरविंदर एस. खैरा के कुशल डायरेक्शन में बनी यह फिल्म भावनाओं और ड्रामे से भरपूर नजर आ रही है।
बता दें कि हाल ही में शहनाज गिल और राघव जुयाल का एक वीडियो जमकर वायरल हुआ था। जिस वीडियो में देखा जा सकता था कि राघव, शहनाज गिल का हाथ पकड़कर कार तक पहुंचते हैं। पहले राघव खुद कार में बैठते हैं, फिर शहनाज कार में बैठती है। लेकिन कार में शायद जगह नहीं होने के कारण शहनाज राघव की गोद में जा बैठती है।