सयानी गुप्ता ने 5 साल में शुरू किया वॉयस ओवर करियर, फिल्म-ओटीटी में दिखा चुकी हैं अदाकारी का जलवा

Sayani Gupta Birthday: सयानी गुप्ता आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने फिल्म और ओटीटी में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता है और साथ ही वॉयस ओवर में भी अपनी पहचान बनाई है।
सयानी गुप्ता ने 5 साल में शुरू किया वॉयस ओवर करियर, फिल्म-ओटीटी में दिखा चुकी हैं अदाकारी का जलवा
सयानी गुप्ता (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sayani Gupta Birthday Special Story: बॉलीवुड की एक्ट्रेस सयानी गुप्ता का जन्म 9 अक्टूबर 1985 को कोलकाता में हुआ था। सयानी गुप्ता आज अपना 40वां जन्मदिन मना रही हैं। आज वह सिर्फ बड़े पर्दे की ही नहीं, बल्कि वॉयस ओवर और ओटीटी की दुनिया में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। बर्थडे स्पेशल में जानते हैं कि सयानी ने कैसे बचपन में ही अपने हुनर से सबका ध्यान खींचा।

सयानी ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया से ग्रैजुएशन किया। उनके पिता ऑल इंडिया रेडियो में कार्यरत थे, जहां वे अनाउंसर, म्यूजिक कम्पोजर और सिंगर थे। यही वजह रही कि सयानी बचपन से ही रेडियो और ऑडियो वर्क से परिचित थीं। अपने कई इंटरव्यू में सयानी बता चुकी हैं कि उनका ज्यादातर वक्त बचपन में ऑल इंडिया रेडियो में बीतता था।

पांच साल की उम्र में शुरू हुआ करियर

एक इंटरव्यू के अनुसार, सयानी ने पहला असाइनमेंट महज पांच साल की उम्र में किया था। उन्हें रेडियो विज्ञापन का काम मिला और इसके लिए 500 रुपये मेहनताना मिला। इसके बाद सयानी ने वॉयस ओवर असाइनमेंट्स लेना शुरू किया और आज भी इस फील्ड में उनका जलवा कायम है। सयानी को वॉयस ओवर का काम बहुत पसंद है।

बचपन में ही पढ़ने लगी लंबी कविताएं

सयानी ने बताया कि बचपन में ही लंबी-लंबी कविताओं का पाठ करना शुरू कर दिया था। आवाज के साथ एक्सपेरिमेंट करने और माइक्रोफोन पर रिकॉर्डिंग करने का मजा उन्हें बेहद भाता है। उनका मानना है कि यह लोगों तक अपनी भावनाओं और कला को पहुंचाने का एक दमदार माध्यम है। वॉयस ओवर के साथ-साथ सयानी गुप्ता ने एक्टिंग में भी अपनी प्रतिभा दिखाई।

एक्टिंग में भी साबित किया हुनर

सयानी ने ‘सेकेंड मैरिज डॉट कॉम’ से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया। इसके बाद उनकी फिल्में जैसे द लैंड ऑफ कार्ड्स, पार्च्ड, जॉली एलएलबी 2, आर्टिकल 15, फुकरे रिटर्न्स, जब हैरी मेट सेजल, पगलैट और जग्गा जासूस दर्शकों को खूब भाईं। सयानी ने फिल्म आर्टिकल 15 से सिंगिंग में भी कदम रखा। इसके अलावा ओटीटी वेब सीरीज में उन्होंने ‘फोर मोर शॉट्स प्लीज’ (दोनों सीजन) और ‘इनसाइड एज’ में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सयानी गुप्ता न केवल बचपन से ही हुनर दिखा रही हैं, बल्कि आज भी अपने कैरियर और वॉयस ओवर कौशल से सबको प्रभावित करती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com